{"_id":"5ff41df3a7ba7d09ff1276e3","slug":"cash-bag-looted-from-old-man-accused-attacks-on-face-brave-staff-snatches-back-the-bag","type":"story","status":"publish","title_hn":"बुजुर्ग के चेहरे पर चाकू मारकर लूट लिया बैग, बदमाश से भिड़कर कर्मचारी ने दिया साहस का परिचय","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बुजुर्ग के चेहरे पर चाकू मारकर लूट लिया बैग, बदमाश से भिड़कर कर्मचारी ने दिया साहस का परिचय
Tue, 05 Jan 2021 01:36 PM IST
प्राची प्रियम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: प्राची प्रियम
Updated Tue, 05 Jan 2021 01:36 PM IST
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में एक बदमाश ने लूटपाट का विरोध करने पर 76 साल के बुजुर्ग पर चाकू से हमला कर दिया। बुजुर्ग का चेहरा बुरी तरह लहू-लुहान हो गया। बदमाश ने बुजुर्ग से बैग भी लूट लिया, लेकिन पीड़ित के साथ मौजूद उनके कर्मचारी ने किसी तरह बदमाश से बैग वापस छीन लिया।
विज्ञापन
वारदात के बाद बदमाश खाली हाथ ही मौके से फरार हो गया। पीड़ित बृजमोहन गुप्ता (76) को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनको गंभीर हालत में मैक्स अस्पताल पटपड़गंज रेफर कर दिया गया। पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई।
विज्ञापन
घटना का फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गया। पुलिस ने बुजुर्ग की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित बृजमोहन गुप्ता परिवार के साथ शकरपुर इलाके में रहते हैं। वह गणेश नगर इलाके में किराना की दुकान चलाते हैं।
विज्ञापन
शनिवार देर रात को वह दुकान बंद कर अपने कर्मचारी रवि के साथ सामान ढोने वाले रिक्शा से घर लौट रहे थे। बृजमोहन पीछे बैठे हुए थे, रवि रिक्शा चला रहा था। इस बीच दुकान से 100 मीटर दूर पहुंचने पर अचानक हेलमेट लगाए एक युवक ने बृजमोहन पर धावा बोल दिया। बदमाश ने उनसे रुपयों का बैग छीनने का प्रयास किया।
विरोध करने पर आरोपी ने चाकू निकालकर बृजमोहन के चेहरे पर वार कर दिया। इससे उनका गाल बुरी तरह कट गया। इसके बाद वह रुपयों का बैग लेकर वहां से भागने लगा। रवि ने बहादुरी का परिचय दिया और वह बदमाश के पीछे भागा।
कुछ दूर जाकर उसने बदमाश को पकड़ लिया और उससे रुपयों का बैग छीन लिया। इस दौरान बदमाश खुद को छुटाकर वहां से फरार हो गया। रवि वापस मालिक के पास पहुंचा और परिजनों को खबर देने के बाद उनको नजदीकी अस्पताल ले गया।
जहां से बृजमोहन को दूसरे अस्पताल भेज दिया गया। उनके चेहरे पर 21 टांके लगे हैं। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।