प्रेम संबंध के विवाद में युवक की हत्या: शाहबाद डेयरी में रास्ता रोककर किया हमला, मां-मामा भी वारदात में शामिल
शाहबाद डेयरी में प्रेम संबंध विवाद में 22 वर्षीय सचिन सिंह की शनिवार रात चाकू से हत्या कर दी गई। मुख्य आरोपी अमन, उसकी मां और मामा गिरफ्तार हुए।
विस्तार
आउटर नॉर्थ जिले के शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध को लेकर चल रहे विवाद ने शनिवार रात खूनी रूप ले लिया। कृष्णा कॉलोनी, प्रहलादपुर में 22 वर्षीय युवक सचिन सिंह की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी अमन समेत उसकी मां और मामा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान आरिफ खान उर्फ अमन (24), नफीसा और मामा मोहम्मद इमरान के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, सचिन शाहबाद डेयरी इलाके में रहता था। शनिवार रात वह अपने दोस्त दिलीप उर्फ गोलू के साथ कार से जा रहा था। कृष्णा कॉलोनी में आरोपी अमन के घर के पास पहुंचने पर अमन ने उसकी कार रुकवा ली। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद हाथापाई तक पहुंच गया।
इसी दौरान अमन की मां नफीसा और मामा मोहम्मद इमरान भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि विवाद के बीच सचिन पर चाकू से हमला कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, सचिन के शरीर पर चाकू के सात घाव मिले हैं। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में शुरुआती तौर पर हत्या के पीछे एक युवती से जुड़े प्रेम संबंध का विवाद सामने आया है। हालांकि पुलिस इस पहलू की पुष्टि के लिए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच अधिकारी यह भी पता लगा रहे हैं कि वारदात से पहले दोनों पक्षों के बीच कोई विवाद हुआ था या नहीं।
सीसीटीवी फुटेज से जुटाए सुराग
घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोचा गया।
आर्म्स एक्ट में फंस चुका है अमन
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अमन पहले भी आर्म्स एक्ट के एक मामले में शामिल रहा है। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। साथ ही वारदात के दौरान उसकी मां और मामा की भूमिका को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।