होटल की चौथी मंजिल से कूदी युवती: युवक के साथ ठहरी थी, दोनों के बीच कहासुनी के बाद उठाया खौफनाक कदम
दिल्ली में एक होटल की तीसरी मंजिल से 20 वर्षीय युवती ने छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाकर उसे रोका और इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम से फ्रिज, एसी के खाली गत्ते सड़क पर बिछाकर उसकी जान बचाई। हालत स्थिर बताई जा रही है।
विस्तार
फर्श बाजार के विश्वास नगर इलाके में शुक्रवार दोपहर 20 साल की युवती ने होटल संतोष रेजीडेंसी की तीसरी मंजिल की खिड़की से छलांग लगा दी। उसको खिड़की पर लटके और छलांग लगाते देख वहां मौजूद लोग हरकत में आए। पहले उनलोगों ने शोर मचाकर उसे ऐसा करने से मना किया और फिर इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम से फ्रिज, एसी व अन्य सामान के खाली गत्तों को नीचे सड़क पर रख दिया। जिसपर गिरने से युवती की जान बच गई। लोगों ने उसे पास के अस्पताल में भर्ती करवा दिया। उसके साथ कमरे में मौजूद युवक से पुलिस पूछताछ कर रही है।
छानबीन में पता चला कि घायल युवती सुंदर नगरी की रहने वाली है। उसने बुलंदशहर निवासी 22 साल के युवक के साथ होटल में चेक इन किया था। कमरे में दोनों के बीच विवाद होने पर युवती ने उसे कमरे से बाहर निकालकर कुंडी लगा लिया और गुस्से में खिड़की से नीचे छलांग लगा दी।
वहीं पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस मामले में एक अन्य युवक से भी पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि मामला लव ट्रायंगल या अलग-अलग समय पर दो लोगों को डेटिंग करने का है। एक कॉमन फ्रेंड के माध्यम से इसी बात का खुलासा हो गया। तीनों लोगों के बीच विवाद बढ़ा और युवती ने तीसरी मंजिल की खिड़की से नीचे छलांग लगा दी।
पुलिस उपायुक्त का कहना है कि युवती ने यह कदम क्यों उठाया, पुलिस इसकी जांच कर रही है। इलाज होने के बाद उसके बयान पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। उन्होंने स्थानीय लोगों की युवती की जान बचाने के लिए किए गए पहल की तारीफ की।