फरेबी प्रेमी: प्यार में फंसाकर छिपाई ऐसी सच्चाई, जिसे जान युवती ने शादी से कर दिया इनकार, फिर युवक ने खेला खूनी खेल
दिल्ली के रणहौला इलाके में शादी को न कहने पर सिरफिरे युवक ने युवती पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी युवक से पीड़िता की तीन साल से दोस्ती थी। दस दिन पहले युवती ने बातचीत करना बंद कर दी थी।
विस्तार
दिल्ली के रणहौला इलाके में शादी करने से इनकार करने पर एक युवक ने युवती पर चाकू से हमला कर दिया। युवती को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। शुरूआती जांच में पता चला है कि पीड़िता की आरोपी युवक से तीन साल से दोस्ती थी। युवक उससे शादी करना चाहता था। लेकिन दस दिन पहले युवती को पता चला कि आरोपी शादीशुदा है। उसके बाद से उसने बातचीत करना बंद कर दिया था। इस बात को लेकर आरोपी गुस्से में था। पुलिस मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
युवती सपरिवार रणहौला इलाके में रहती है। वह मोहन गार्डन स्थित एक निजी कंपनी में काम करती है। शुक्रवार सुबह पुलिस को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल से युवती पर चाकू से हमला किए जाने की जानकारी मिली। अस्पताल पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि युवती का इलाज चल रहा है। पुलिस ने युवती का बयान लिया। उसने बयान में बताया कि तीन साल पहले उसकी सैनिक एंक्लेव निवासी नवीन नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे उससे प्यार हो गया। नवीन ने खुद को अविवाहित बताया था।
दस दिन पहले युवती को पता चला कि नवीन शादीशुदा है। इसके बाद से उसने नवीन से मिलना जुलना और बात करना छोड़ दिया। युवती ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह वह अपने कार्यालय जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान नवीन पीछे से आया और उसे रोक लिया। वह उससे बातचीत नहीं करने और शादी को लेकर कुछ भी जवाब नहीं देने की बात कही। वह उससे बातचीत नहीं करने की बात कहकर जाने लगी। नवीन ने उसे रोका और चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
युवती ने खुद का बचाव करने के लिए चाकू पकड़ लिया, लेकिन आरोपी ने उससे चाकू छीनकर दोबारा हमला कर दिया। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के युवती की मां मौके पर पहुंच गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। लेकिन अभी उसका सुराग नहीं मिला है।