खतरे के निशान पर पहुंची यमुना, पुराने पुल से ट्रेन की आवाजाही बंद
हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से सवा लाख क्यूसेक लीटर से अधिक छोड़ा गया पानी शनिवार शाम को दिल्ली पहुंच गया। जिससे यमुना का जलस्तर खतरे के निशान 204.83 मीटर के ऊपर पहुंच गया।
बाढ़ नियंत्रण विभाग की मानें तो देर रात जलस्तर अभी बढ़ेगा। हालांकि राहत देने वाली बात यह है कि बीते 24 घंटे से हरियाणा से फिर बड़ी मात्रा में पानी नहीं छोड़ा गया है इससे रविवार दोपहर से जलस्तर मे गिरावट दर्ज की जा सकती है।
यमुना का जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंचते ही राहत बचाव टीमें अलर्ट हो गई हैं। रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर शनिवार शाम से यमुना पर बने पुराने लोहे के पुल से ट्रेन की आवाजाही बंद कर दी है।
पानी में फंसे 29 लोगों को बचाया
अब ट्रेन डायवर्ट रूट पर होकर चलेंगी, जो तुगलकाबाद से होकर जाएगीं। इसके अलावा खादर के इलाकों में नांव भी तैनात कर दी गई हैं। उधर, जलस्तर बढ़ने के साथ शनिवार देर शाम बुराड़ी खादर में पुरानी चर्च के पास से पानी में फंसे करीब 29 लोगों को बचाया गया है।
बाढ़ नियंत्रण विभाग के मुताबिक राहत बचाव को लेकर सभी टीमें तैनात हैं। पूर्वानुमान है कि रविवार तड़के जलस्तर खतरे के निशान को पार करते हुए 204.91 मीटर पर पहुंच जाएगा।
दोपहर बाद ही जलस्तर नीचे आने की संभावना है। अगर दिल्ली में रविवार को बारिश हुई तो जलस्तर इसी तरह बना रह सकता है। इसके मद्देनजर अलर्ट जारी कर सभी राहत बचाव कार्य की टीमों को 24 घंटे अलर्ट रहने के लिए कहा गया है।