{"_id":"65566b2f0590e8fd6a0781e6","slug":"women-going-for-puja-pelted-with-stones-in-haryana-s-nuh-2023-11-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gurugram : नूंह में मस्जिद से महिलाओं पर पत्थर फेंकने वाले तीन नाबालिग हिरासत में, तफ्तीश जारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gurugram : नूंह में मस्जिद से महिलाओं पर पत्थर फेंकने वाले तीन नाबालिग हिरासत में, तफ्तीश जारी
Sat, 18 Nov 2023 03:08 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 18 Nov 2023 03:08 AM IST
सार
उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने भी ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर जुमे की नमाज के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के आदेश जारी किए।
विज्ञापन
हरियाणा पुलिस, Haryana police
- फोटो : फाइल फोटो
विस्तार
नूंह में गुरुवार देर शाम कुआं पूजन करने जा रहीं दलित महिलाओं पर मस्जिद से हुए पथराव के मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है। उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने भी ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर जुमे की नमाज के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के आदेश जारी किए। नूंह के एसपी नरेंद्र बिजारनिया ने बताया कि मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिये तीनों की पहचान हुई। उनसे पूछताछ की जा रही है। इलाके में माहौल शांतिपूर्ण बना हुआ है। गुरुवार शाम हुए पथराव में 9 महिलाओं को मामूली चोट आई थीं। आरोपियों पर एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
विज्ञापन
उधर, घटना को लेकर शहरवासियों ने रोष जताते हुए शुक्रवार सुबह बाजार बंद कर दिया। नई धर्मशाला में पुलिस, प्रशासन व दोनों समुदायों के लोगों ने बैठक की। विधायक आफताब अहमद और पूर्व विधायक जाकिर हुसैन ने कहा कि इस मामले की जांच चल रही है। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ये बहुत निंदनीय घटना है। सदियों से चले आ रहे मेवात की 36 बिरादरी के भाईचारे को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। पुलिस ने भी आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन के बाद बाजार खोला गया।
विज्ञापन
नूंह में कल देर शाम कुआं पूजन करके आ रही दलित महिलाओं पर कुछ शरारती तत्वों द्वारा पथराव करने का मामला सामने आया। इसमें कई महिलाओं के घायल होने की सूचना है। मामला दो समुदायों में होने के कारण तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने मामले को शांत करने की कोशिश की।
विज्ञापन
पीड़ित परिवार व शहर के कुछ लोगों द्वारा इस घटना का पुरजोर विरोध किया गया। कुछ लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क को जाम कर दिया। इसी दौरान बड़े मदरसे के मुफ्ती जाहिद भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया। मामला बढ़ता देख खुद पुलिस कप्तान नरेंद्र बिजारनिया घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस ने वहां जमा भीड़ को खदेड़ दिया। पुलिस कप्तान ने साफ कहा कि इस मामले में जो भी दोषी है, उसको किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया था, लेकिन पुलिस कार्रवाई चल रही थी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक वार्ड नंबर 10 के निवासी दयाराम के बेटे दीपू को पुत्र प्राप्ति हुई थी। हिंदू रीति रिवाज के मुताबिक घर व आसपास की कुछ महिलाएं कैलाश मंदिर पर कुआं पूजन के लिए जा रही थीं। जाते समय उन पर किसी ने एक-दो पत्थर फेंक दिए। इसे अनदेखा करते हुए महिलाएं कुआं पूजन करने चली गईं। आरोप है कि आते वक्त शहर के बड़े मदरसे से उन पर फिर कुछ शरारती तत्वों ने पत्थर फेंके। इसमें कई महिलाओं को चोट आई।
मामला दो समुदायों का होने के कारण सूचना आग की तरह फैल गई। थोड़ी देर में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। कुछ लोगों ने मौके पर आकर पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कप्तान ने भी तुरंत मोर्चा संभाला। उन्होंने वहां इकट्ठा हुई भीड़ को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए हटाया। पुलिस कप्तान नरेंद्र बिजारनिया ने कहा कि सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे आगे से कोई यहां की शांति को भंग करने की हिम्मत न जुटा पाए।