{"_id":"6afb8f7cbab5a647a30da974","slug":"trouble-returns-after-a-brief-respite-delhi-average-aqi-recorded-at-275-crossing-424-in-siri-fort-pollution-se-2026-11-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"राहत के बाद फिर आफत: दिल्ली का औसत एक्यूआई 275 दर्ज, सिरीफोर्ट में 424 के पार; आज से बढ़ेगा प्रदूषण","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
राहत के बाद फिर आफत: दिल्ली का औसत एक्यूआई 275 दर्ज, सिरीफोर्ट में 424 के पार; आज से बढ़ेगा प्रदूषण
Tue, 17 Nov 2026 04:49 AM IST
Digvijay Singh
संवाद न्यूज एजेंसी, दिल्ली
संवाद न्यूज एजेंसी, दिल्ली
Published by: Digvijay Singh
Updated Tue, 17 Nov 2026 04:49 AM IST
सार
प्रदूषण में सूक्ष्म कण पीएम 2.5 की प्रमुख भूमिका रही। 48 निगरानी केंद्रों पर यह प्रमुख प्रदूषक दर्ज किया गया, जबकि 10 केंद्रों पर पीएम 10 का प्रभाव अधिक रहा। सिरीफोर्ट के बाद पंजाबी बाग और पूसा में एक्यूआई 363 दर्ज किया गया।
विज्ञापन
दिल्ली हवा खराब
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
राजधानी दिल्ली में प्रदूषण से मामूली राहत मिली है। सोमवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 275 दर्ज किया गया। बीते 16 दिनों में यह चौथा मौका है, जब हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी यानी 300 से नीचे आई है। इससे पहले एक नवंबर को औसत एक्यूआई 261 दर्ज किया गया था। हालांकि, राहत के बावजूद राजधानी की हवा अब भी चिंताजनक बनी हुई है। इस अवधि में ज्यादातर दिन एक्यूआई 300 के पार यानी बेहद खराब श्रेणी में रहा।
विज्ञापन
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली के 58 निगरानी केंद्रों में से 38 पर हवा खराब और 17 पर बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। सिरीफोर्ट सबसे प्रदूषित इलाका रहा, जहां एक्यूआई 424 दर्ज किया गया। यह गंभीर श्रेणी में आता है। वहीं, दो केंद्रों पर हवा मध्यम श्रेणी में रही। इस तरह 58 में से 56 केंद्रों पर एक्यूआई 200 से अधिक दर्ज किया गया। सबसे कम एक्यूआई दिल्ली कैंट में 128 और पूसा के डीपीसीसी केंद्र पर 163 रहा।
विज्ञापन
प्रदूषण में सूक्ष्म कण पीएम 2.5 की प्रमुख भूमिका रही। 48 निगरानी केंद्रों पर यह प्रमुख प्रदूषक दर्ज किया गया, जबकि 10 केंद्रों पर पीएम 10 का प्रभाव अधिक रहा। सिरीफोर्ट के बाद पंजाबी बाग और पूसा में एक्यूआई 363 दर्ज किया गया। वहीं, आईटीओ और नॉर्थ कैंपस में यह 338 रहा। एनएसयूटी जाफरपुर में भी एक्यूआई 338 दर्ज किया गया।
विज्ञापन
सबसे प्रदूषित दस इलाके
सिरीफोर्ट (424), पंजाबी बाग (363), पूसा (363), आईटीओ (338), नॉर्थ कैंपस (338), एनएसयूटी जाफरपुर (338), आईआईटी दिल्ली (336), बुराड़ी क्रॉसिंग (328), एनएसआईटी द्वारका (328) और तालकटोरा गार्डन (325) सबसे प्रदूषित इलाके रहे।
आज से फिर बिगड़ सकती है हवा की सेहत
राजधानी में एक बार फिर प्रदूषण बढ़ने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार, 17 से 19 नवंबर तक मौसम प्रदूषकों के फैलाव के अनुकूल नहीं रहेगा। हवा की रफ्तार कम होने और वेंटिलेशन इंडेक्स में गिरावट के कारण प्रदूषण का स्तर बढ़ सकता है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 17 नवंबर को वेंटिलेशन इंडेक्स 6000 वर्ग मीटर प्रति सेकंड रह सकता है। 18 नवंबर को यह घटकर 4000 और 19 नवंबर को 3000 रहने का अनुमान है।
इस दौरान मिक्सिंग डेप्थ में भी कमी आएगी। इससे वातावरण में मौजूद प्रदूषकों के फैलने की क्षमता प्रभावित होगी और हवा की गुणवत्ता बिगड़ सकती है। इससे पहले 15 नवंबर को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 290 दर्ज किया गया था, जो खराब श्रेणी में आता है। वहीं, 16 नवंबर को आसमान साफ रहने और उत्तर-पश्चिम दिशा से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान था।
