सड़क किनारे ऑटो पार्किंग को लेकर बुधवार को एक महिला की दबंगई देखने को मिली। भवानी एंक्लेव में सड़क किनारे ऑटो खड़ा कर फोन पर बाते कर रहे ड्राइवर के साथ महिला ने पहले गाली गलौज की और बाद में गोली चला दी, जिसमें ड्राइवर बाल-बाल बचा।
पूरी घटना एक युवक ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। वीडियो वायरल होने के बाद सेक्टर-9ए थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भवानी एंक्लेव निवासी सुनील कटारिया ने शिकायत में बताया कि वह ऑटो चलाता है। बुधवार सुबह ऑटो लेकर निकला था। उसी दौरान किसी की कॉल आ गई।
उसने ऑटो गली के बाहर खड़ा कर दिया और फोन पर बात करने लगा। ऑटो खड़ा करते ही एंक्लेव में रहने वाली सपना स्कूटी लेकर आई और उससे रास्ते में ऑटो खड़ा करने की बात कहकर झगड़ने लगी।
आरोप है कि महिला ने पहले गालियां दीं और फिर उससे मारपीट करने लगी। पड़ोसियों ने बीचबचाव किया। ड्राइवर वहां से अपने दोस्त रिंकू के पास सीआरपी बिल्डिंग के पास बने मंदिर के पास चला गया।
यहां महिला अपने पति के साथ पहुंच गई और ड्राइवर से मारपीट करने लगी। उसने तैश में अपनी जींस की जेब से देसी कट्टा निकाला और उस पर फायर कर दिया, जिसमें वह बाल-बाल बचा। थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है