कोच नहीं कलंक है ये: दिल्ली में महिला कबड्डी खिलाड़ी से दुष्कर्म, तस्वीरें लीक करने की धमकी देकर ऐंठे 43 लाख
मार्च 2015 में उसके कोच ने उसकी सहमति के बिना शारीरिक संबंध बनाए। साल 2018 में आरोपी ने उसे जीत की राशि का एक हिस्सा देने के लिए मजबूर किया।
विस्तार
बाबा हरिदास नगर इलाके में राष्ट्रीय स्तर की एक महिला कबड्डी खिलाड़ी ने अपने कोच पर दुष्कर्म और उगाही करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि उसकी शादी होने के बाद कोच उसकी फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म और धमकाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता बाबा हरिदास नगर इलाके में रहती है। पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में उसने बताया कि वह साल 2012 में मुंडका में होने वाली एक प्रतियोगिता की तैयारी के लिए कोच जोगिंदर के साथ जुड़ी थी।
इसके बाद से वह लगातार उनके साथ अभ्यास कर रही थी। 2015 में अभ्यास के दौरान कोच ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए।
पीड़िता का आरोप है कि साल 2018 में उसने एक प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। इस प्रतियोगिता में जीतने के बाद उसे इनाम के तौर पर बड़ी राशि मिली। कोच ने जबरन 43.5 लाख रुपये अपने अकाउंट में जमा करवा लिए।
साल 2021 में उसने शादी कर ली। शादी के बाद से आरोपी कोच ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। वह जबरन उसे अपने पास बुलाने लगा। विरोध करने पर वह सोशल मीडिया पर उसके वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देने लगा।
लगातार धमकी से परेशान होकर उसने बाबा हरिदास नगर थाने में उसके खिलाफ शिकायत की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को पुलिस ने पीड़िता के अदालत में 164 के बयान दर्ज बयान कराए गए हैं।