दिल्लीः सास-ससुर की हत्या के आरोप में तिहाड़ में कैद बहू ने की खुदकुशी
छावला के दुर्गा विहार इलाके में संपत्ति विवाद में सास-ससुर की हत्या करने वाली आरोपी बहू ने 26 तारीख की रात में तिहाड़ जेल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला पर आरोप था कि उसने अपने पति के साथ मिलकर अपने सास-ससुर को मौत के घाट उतार दिया था।
महिला का नाम कविता था और वह 25 अप्रैल से तिहाड़ के जेल नंबर 6 में बंद थी। उसने 26-27 अप्रैल की रात एक्जॉस्ट फैन में चुन्नी का फंदा डालकर खुदकुशी कर ली।
क्या था पूरा मामला
छावला के दुर्गा विहार इलाके में संपत्ति के लालच में बेटे और बहू ने 24 अप्रैल को मां-बाप की हत्या कर दी थी। बुजुर्ग दंपती राज सिंह और ओमवती परिवार के साथ दुर्गा विहार में रहते थे। लॉकडाउन के दौरान दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी मच गई थी।
पुलिस ने शक के आधार पर बेटे व बहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो संपत्ति विवाद सामने आया। बहू कविता ने पकड़े जाने पर जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि सख्ती करने के बाद दोनों ने स्वीकार किया कि बुजुर्ग दंपती अपनी प्रापर्टी बेटियों के नाम कर रहे थे, जिसे लेकर घर में लंबे समय से विवाद चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, दुर्गा विहार कॉलोनी में बुजुर्ग राज सिंह (61) और उनकी पत्नी ओमवती (58) की हत्या कर दी गई। राज सिंह साल भर पहले एमसीडी से रिटायर हुए थे और परिवार के साथ रहते थे।
बीते शुक्रवार सुबह जब राज सिंह के रिश्तेदार उनसे मिलने घर पर पहुंचे तब हत्या का खुलासा हुआ। दरअसल, बीते 24 घंटे से राज सिंह और ओमवती को फोन पर रिश्तेदारों ने कई कॉल किए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला तो रिश्तेदार खुद उनके घर पहुंच गए।
वहां पहुंचकर रिश्तेदारों ने देखा कि दंपती खून में लथपथ पड़े थे और उनके शरीर पर चाकू के निशान थे। इसके बाद रिश्तेदारों ने तत्काल पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक दंपती के बेटे सतीश और उसकी पत्नी कविता से पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बेटे-बहू हत्या के वक्त घर में ही मौजूद थे।
जबकि उनके दोनों बच्चे बगल के कमरे में सो रहे थे। पुलिस ने मृतक के बेटे व बहू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी बेटे सतीश ने बताया कि प्रापर्टी विवाद को लेकर घर में काफी समय से विवाद चल रहा था।