उपलब्धि: भूकंप से 30 सेकेंड पहले करेगा अलर्ट, जर्मन और भारतीय कंपनी ने बनाया यंत्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
साइबर सिटी के इतिहास में एक और उपलब्धि जुड़ने जा रही है। भूकंप आने की सूचना देने वाला देश का पहला यंत्र गुड़गांव स्थित हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा) में लगेगा। 18 जुलाई को प्रदेश के वित्त, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री कैप्टन अभिमन्यु इसका उद्घाटन करेंगे। इस दिन भूकंप आने की सूचना देने वाले यंत्र का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
हिपा के महानिदेशक एसपी गुप्ता का दावा है कि यह देश का पहला यंत्र है जो भूकंप आने के 30 सेकेंड पहले जानकारी देगा। यह यंत्र जर्मन -भारतीय कंपनी के संयुक्त उद्यम द्वारा लगाया जा रहा है।
इस मौके पर जिला प्रशासन, आरडब्ल्यूए, उद्योग, रियल इस्टेट, बिल्डरों और कालोनाइजरों को भी आमंत्रित किया गया है। बता दें कि गुड़गांव सहित दक्षिण हरियाणा का अधिकतम भू भाग भूकंप संभावित जोन चार में आता है। जहां पर भूकंप आने का खतरा हमेशा बना रहता है।
पहले झटके के तीस सेंकेंड पहले मिलेगी सूचना
आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर भूकंप या अन्य आपदा आने की स्थिति में जानमाल की हानि को बेहद कम किया जा सकता है। यहां लगने वाला यंत्र भूकंप का पहला झटका आने के तीस सेकेंड पहले ही सूचना दे देगा।
ऐसे में आसानी से सुरक्षित जगह पर पहुंचा जा सकता है। शहर के विकास के साथ आपदा प्रबंधन की चुनौतियां भी बढ़ने लगी हैं। शहर में सैकड़ों बहुमंजिला इमारतें हैं। बहुराष्ट्रीय कंपनियों के ऑफिस, कॉरपोरेट ऑफिस आदि भी शहर में हैं।
इतना ही नहीं शहर का विस्तार तेजी से हो रहा है। इस यंत्र की खूबियां, तकनीक सहित अन्य जानकारी इसे लगाने वाले कंपनी के विशेषज्ञ मौके पर ही बताएंगे। उन्होंने बताया कि हिपा की आपदा प्रबंधन फैकल्टी के प्रोफेसर डॉ. अभय श्रीवास्तव के नेतृत्व में आग बुझाने की रिहर्सल भी की जाएगी।