आखिर किससे है इस रेप आरोपी की जान को खतरा ?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उबर कैब रेप मामले में आरोपी कैब चालक को जेल से कोर्ट आते समय दूसरे कैदी धमकाते हैं और ब्लेड मारने की धमकी देते हैं। यह बात आरोपी शिव कुमार यादव ने कोर्ट में आवेदन दायर कर कही है। उसने अदालत से सुरक्षा दिलाने की मांग की है। कोर्ट ने आवेदन पर संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा है।
तीस हजारी स्थित अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश कावेरी बावेजा के समक्ष आरोपी कैब चालक ने आवदेन दायर कर सुरक्षा दिलाने की मांग की है। आवेदन पर शनिवार को कोर्ट में रिपोर्ट पेश की जाएगी।
बचाव पक्ष के अधिवक्ता आलोक द्विवेदी व अमित चौबे के मुताबिक जेल वैन में दूसरे कैदी उसे धमकाते हुए कहते हैं कि उसके मामले के मीडिया में तूल पकड़ने के कारण उनकी जमानत वगैरह पर भी तलवार लटक गई है। वह उसके साथ कभी भी मारपीट कर सकते हैं। इसलिए उसे अलग वैन मुहैया कराई जाए या सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
पीड़िता को बुर्का पहनाकर कोर्ट लाया गया
मामले की सुनवाई के दौरान शुक्रवार को बचाव पक्ष के अधिवक्ता द्विवेदी व चौबे ने पीड़िता से जिरह की। पीड़िता ने बचाव पक्ष के सवालों का जवाब दिया और अपने आरोपों को दोहराया।
पुलिस ने शुक्रवार को चाक चौबंद व्यवस्था में पीड़िता को कोर्ट में पेश किया। पीड़िता का बयान बंद कोर्ट रूम में दर्ज किया गया। बयान दर्ज कराकर पुलिस पीड़िता को बुर्का पहनाकर कोर्ट से ले गई।
पेश मामला इंद्रलोक इलाके के 56 बीघा पार्क के नजदीक 5 दिसंबर 2014 को कैब में दुष्कर्म से जुड़ा है। आरोपी दुष्कर्म के बाद पीड़िता को उसके घर के नजदीक छोड़कर फरार हो गया था।
पुलिस ने उसे मथुरा से 7 दिसंबर को गिरफ्तार किया था। अदालत ने आरोपी शिव कुमार के खिलाफ 13 जनवरी को दुष्कर्म, अपहरण, मारपीट व धमकी देने संबंधी धाराओं में आरोप तय किए थे। पुलिस ने 19 दिनों में जांच पूरी कर 24 दिसंबर 2014 को चार्जशीट पेश की थी।