जब कार हुई जब्त तो लूट की सूचना देकर पुलिस को खूब छकाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कर बकाया होने पर राजस्व विभाग के अधिकारियों ने एक व्यक्ति की कार जब्त कर ली। व्यक्ति ने 100 नंबर पर कॉल कर कार लूटे जाने की सूचना दे दी। दिन दहाड़े कार लूटे जाने की सूचना पर कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई।
सच्चाई पता चलने पर नशे में धुत शिकायतकर्ता और उसके भतीजे को पुलिस ने पकड़ लिया। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
पलवल के नून गांव का रहने वाले सतीश ने बृहस्पतिवार सुबह 11:30 बजे 100 नंबर पर फोन कर बताया कि कुछ बदमाश उसकी ईको कार मस्जिद मोड़ के पास से लूट ले गए हैं।
कार लूट की सूचना वायरलैस के जरिए फैलते ही कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई। शिकायतकर्ता का फोन नंबर लेकर उससे बातचीत की गई। सतीश ने पुलिस को वरगलाना शुरू कर दिया।
पुलिस को करते रहे परेशान
कभी बताता कि कार मस्जिद मोड़ के पास से लुटी, कभी गोल्फ कोर्स के पास से और अंत में रोज गार्डन के सामने से लूटा जाना बताया। बताया कि भतीजा राहुल कार चला रहा था और वह बैठा था।
दोनों आज भैंस खरीदने के लिए निकले थे। पुलिस जब उनसे मिली तो दोनों ही नशे में धुत थे। इस दौरान कार का पता चल गया। कार राजस्व विभाग के अधिकारियों ने कब्जे में ली थी।
कोतवाली प्रभारी भारत कुमार ने बताया कि राजस्व अधिकारियों ने लूट की बात से इनकार करते हुए बताया कि राजस्व बकाया जमा न करने की सूचना देने के साथ जब्ती की प्रक्रिया की जानकारी देने के बाद ही कार जब्त की गई थी।
सतीश ने खुद ही कार सौंपी थी। पुलिस को गलत सूचना देने के लिए दोनों को फटकार लगाई गई। इसके बाद सार्वजनिक स्थान पर नशा करने के आरोप में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। एसएचओ भारत कुमार ने बताया कि दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।