जानिए, डीडीए से फ्लैट जीतने के बाद क्या करें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सफल आवंटियों को डीडीए 15 दिनों में अलॉटमेंट व डिमांड लेटर जारी करेगा। 15 दिनों बाद डीडीए मुख्यालय में एक कैंप का भी आयोजन किया जाएगा जहां सिर्फ एक बार सफल आवेदकों को बुलाया जाएगा। यहां सभी तरह के प्रमाण पत्रों की जांच की जाएगी।
डीडीए उपाध्यक्ष बलविंदर कुमार के मुताबिक सफल आवेदकों के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया की सुविधा होगी। उन्हें पासवर्ड और आईडी नंबर दिया जाएगा। पैसा भी लोगों को ऑनलाइन ही जमा करना होगा। फ्लैटों का कब्जा देने की प्रक्रिया भी ऑनलाइन होगी। डीडीए का जूनियर इंजीनियर लैपटॉप लेकर साइट पर बैठा होगा। जहां वह सभी तरह की प्रक्रिया को ऑनलाइन तरीके से करेगा।
जांच के लिए प्रमाण पत्रों और पैसे जमा करने की समयावधि 180 दिन निर्धारित की गई है। लेकिन यदि 90 दिनों के भीतर रकम जमा नहीं की जाती तो सफल आवेदक से ब्याज सहित धनराशि की वसूली की जाएगी।
एक महीने के भीतर असफल आवेदकों को पैसा वापस
डीडीए अधिकारियों के अनुसार असफल आवेदकों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उनके द्वारा जमा की गई रकम को एक महीने के भीतर बतौर रिफंड चेक लौटा दिया जाएगा। जिन्होंने बैंक से लोन लेकर आवेदन किया है उनके लोन बैंकों को वापस कर दिए जाएंगे।
पति-पत्नी में एक को मिलेगा घर
फ्लैटों के ड्रॉ में अगर पति और पत्नी दोनों ने आवेदन किया हो और दोनों का ड्रॉ निकल आया होगा तो उनमें सिर्फ एक को फ्लैट आवंटित किया जाएगा।
नगद भुगतान पर आवंटित होंगे
डीडीए इस बार सभी फ्लैट नगद भुगतान के आधार पर देगा। लिहाजा आपको बैंक के खाते में उतनी रकम जमा करानी होगी, जितने का फ्लैट है। अगर रकम नहीं हो तो बैंक हाउसिंग लोन भी मुहैया कराएंगे। इस बार के फ्लैटों की रजिस्ट्री नहीं होगी। पांच साल बाद ही रजिस्ट्री होगी। यानी आप पांच साल बाद ही अगर फ्लैट बेचना चाहें तो बेच सकेंगे।
पुराने फ्लैटों को चकाचक करके देगा डीडीए
इस बार की हाउसिंग स्कीम में 835 फ्लैट ऐसे है जो काफी पुराने हैं। डीडीए उपाध्यक्ष के अनुसार सफल आवेदकों को ऐसे सभी पुराने व जर्जर फ्लैटों को ठीक कर दिया जाएगा।
छह हजार फ्लैटों का कब्जा मार्च के बाद
रोहिणी व सिरसपुर में बने करीब छह हजार फ्लैटों का अभी निर्माणकार्य चल रहा है। यह फरवरी-मार्च तक पूरा होगा। डीडीए उपाध्यक्ष का कहना है कि इसके अलावा सभी फ्लैटों का कब्जा जनवरी से दिया जाएगा, लेकिन रोहिणी व सिरसपुर वाले फ्लैटों का कब्जा मार्च के बाद दिया जाएगा।