चुनावी जंग में कांग्रेस-इनेलो के बीच शुरू हुआ वीडियो 'वार'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चुनावी महासंग्राम की एक लड़ाई साइबर वर्ल्ड में भी लड़ी जा रही है। भले ही प्रत्याशियों को इसकी एबीसीडी नहीं पता है, लेकिन उनकी आईटी टीम इस लड़ाई में मोर्चा संभाले हुए है।
इसी के तहत कांग्रेस और इनेलो के बीच एक वीडियो वार चल रहा है। इसमें इनेलो प्रत्याशी आरके आनंद एक डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से कांग्रेस के सांसद अवतार सिंह भड़ाना की खिंचाई कर रहे हैं। इसमें आनंद ने बड़खल झील के मुद्दे को बहुत संजीदगी से उठाया है।
यू-ट्यूब पर ‘बड़खल एक प्यासी झील’ के नाम से इसका वीडियो अपलोड है। इसके अलावा नाहर सिंह स्टेडियम के बहाने भी मौजूदा जन प्रतिनिधियों पर वार किया गया है। यही नहीं ट्रैफिक जाम और कानून व्यवस्था भी डॉक्यूमेंट्री का हिस्सा हैं।
इंदिरा और राजीव गांधी से की तुलना
आनंद कहते हैं कि उन्होंने ऐसे मुद्दे जनता के सामने रखने की कोशिश की है, जो सीधे लोगों के दिलों से जुड़े हुए हैं, लेकिन उन पर कभी राजनेताओं ने काम नहीं किया।
डॉक्यूमेंट्री में उन्होंने इंदिरा और राजीव गांधी के साथ अपनी फोटो दिखाकर यह भी बताने की कोशिश की है कि वह छोटे कद के भले ही हैं लेकिन आदमी बड़े हैं।
आनंद के इस वीडियो का जवाब कांग्रेस उम्मीदवार ने भी वीडियो के जरिए ही दिया है। इससे महासंग्राम भी तेज हो गया है।
कांग्रेस सांसद का शायराना अंदाज
फरीदाबाद से मौजूदा सांसद अवतार सिंह भड़ाना ने अपने फेसबुक पेज पर एक वीडियो अपलोड की है, जिसका नाम है ‘विकास का दीवाना, अवतार भड़ाना’। इसमें उन्होंने मेट्रो रेल, सिक्सलेन हाईवे, अच्छे पार्क, पानी से लबालब नहर, औद्योगिक विकास और लहलहाते खेत दिखाए हैं।
भड़ाना की पत्नी ममता भड़ाना अपने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कह रही हैं कि विरोधियों को विकास कार्य नहीं दिखाई दे रहे हैं। भड़ाना के फेसबुक पेज को 12,190 लोगों ने लाइक किया हुआ है।
उधर, भाजपा प्रत्याशी कृष्णपाल गुर्जर के लिए आईटी की कमान संभाल रहे नीरज गौड़ ने चौंकाने वाला खुलासा करे हुए बताया है कि कृष्णपाल गुर्जर के नाम से तीन अकाउंट चल रहे हैं, जिसमें एक सही है। बाकी कौन चला रहा है उसका पता नहीं।