{"_id":"6b0214686c653c3c2b0e9c64","slug":"video-aimed-at-disrupting-communal-harmony-was-uploaded-from-pakistan-2026-11-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"डिजिटल प्रोपेगेंडा: पाकिस्तान से अपलोड हुआ था सौहार्द बिगाड़ने वाला वीडियो, एआई से तैयार किया गया था डीपफेक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
डिजिटल प्रोपेगेंडा: पाकिस्तान से अपलोड हुआ था सौहार्द बिगाड़ने वाला वीडियो, एआई से तैयार किया गया था डीपफेक
Sun, 22 Nov 2026 03:30 AM IST
दुष्यंत शर्मा
राजू मलिक, गाजियाबाद
राजू मलिक, गाजियाबाद
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 22 Nov 2026 03:30 AM IST
सार
भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) और स्थानीय साइबर सेल की जांच में सामने आया है कि गाजियाबाद से जोड़कर एक्स पर प्रसारित किए जा रहे भड़काऊ वीडियो एआई से तैयार किए गए डीपफेक हैं।
विज्ञापन
सांकेतिक चित्र
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
गाजियाबाद का सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और तनाव फैलाने के लिए पाकिस्तान से सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही है। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) और स्थानीय साइबर सेल की जांच में सामने आया है कि गाजियाबाद से जोड़कर एक्स पर प्रसारित किए जा रहे भड़काऊ वीडियो एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से तैयार किए गए डीपफेक हैं।
विज्ञापन
पुलिस जांच में इनके तार पाकिस्तान के रावलपिंडी और इस्लामाबाद से जुड़े मिले हैं। साइबर सेल के अधिकारियों के मुताबिक, 10 और 11 नवंबर को एक्स पर एक भ्रामक वीडियो अपलोड किया गया था। इसमें दावा किया गया था कि गाजियाबाद में पांच मस्जिदें ध्वस्त कर दी गई हैं और नमाजियों पर गोलियां चलाई गई हैं।
विज्ञापन
साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में अज्ञात एक्स हैंडल संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आईपी एड्रेस और डिजिटल फुटप्रिंट पाकिस्तान के रावलपिंडी से जुड़े मिले। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में पाकिस्तानी साइबर अपराधियों की ओर से ऐसे कई डीपफेक वीडियो तैयार कर अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
विज्ञापन
19 नवंबर को फिर रची साजिश पहले वीडियो के खिलाफ कार्रवाई के बाद साइबर अपराधियों ने 19 नवंबर की शाम एक और एआई जनरेटेड वीडियो एक्स पर अपलोड किया। इसमें अंग्रेजी में भड़काऊ संदेश लिखकर दावा किया गया कि हथियारों से लैस आरएसएस कार्यकर्ताओं ने गाजियाबाद की जामिया मस्जिद को घेर लिया है और अंदर कई लोग घायल हैं।
10 नवंबर को जारी किए गए भ्रामक वीडियो को एक्स से हटवा दिया गया है। इसे पाकिस्तान से संचालित सोशल मीडिया नेटवर्क और डिजिटल प्रोपेगेंडा के तहत अपलोड किया गया था। 19 नवंबर को वायरल हुए दूसरे वीडियो को भी हटाने के लिए पत्र लिखा गया है। ये सभी वीडियो एआई जनरेटेड और पूरी तरह फर्जी हैं। आमजन से अपील है कि इन पर ध्यान न दें और ऐसी भ्रामक सामग्री साझा न करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -राजकरन नैय्यर, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध)
कपूर व अश्लील नामों वाले हैंडल का इस्तेमाल
जांच में साइबर सेल को कई संदिग्ध एक्स अकाउंट के सुराग मिले हैं। अफसरों के मुताबिक, इनमें से कुछ अकाउंट वीपीएन के जरिये पाकिस्तान से संचालित किए जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर तनाव बढ़ाने और लोगों तक भ्रामक सामग्री पहुंचाने के लिए फर्जी अकाउंट बनाने में बॉलीवुड के नामचीन कपूर घराने व अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया गया। 10 नवंबर को अपलोड किए गए फर्जी वीडियो को @Kapoorfam और @cutegirlindia21 जैसे हैंडल से प्रसारित किया गया था।
