शिकायत दर्ज करने और निस्तारण में देश में उत्तर प्रदेश रेरा अव्वल, जानिए किस राज्य की क्या है स्थिति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश में उत्तर प्रदेश भूसंपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) में सबसे अधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं। साथ ही, निस्तारण के मामले में भी यूपी रेरा देश में अव्वल है। यूपी रेरा 74.61 प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण कर चुका है। वहीं, निस्तारण और शिकायत दर्ज होने के मामले में दूसरे नंबर पर हरियाणा रेरा है। जबकि तीसरे नंबर पर निस्तारण में चंडीगढ़ और शिकायत दर्ज में महाराष्ट्र रेरा है।
यूपी रेरा ने हाल ही में रिपोर्ट जारी की है। इसमें अपने प्रमुख फैसलों और कार्यों का उल्लेख करने के साथ देश के अन्य राज्यों के रेरा से तुलनात्मक रिपोर्ट दी गई है। यूपी रेरा में अभी तक 27992 शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। इनमें से 20886 का निस्तारण किया जा चुका है।
यह 74.61 प्रतिशत है जो देश के सभी रेरा से सबसे अधिक है। हरियाणा रेरा में 14632 शिकायतें दर्ज हैं जिनमें 71.48 प्रतिशत का निस्तारण हो चुका है। वहीं, तीसरे नंबर पर 70.70 प्रतिशत के साथ चंडीगढ़ रेरा है।
जबकि शिकायत दर्ज होने में तीसरे नंबर पर महाराष्ट्र रेरा है। महाराष्ट्र रेरा के निस्तारण का प्रतिशत 69.77 प्रतिशत है। वर्ष 2019 की रिपोर्ट में भी यूपी रेरा पहले नंबर पर रहा था। जबकि, महाराष्ट्र रेरा दूसरे और हरियाणा रेरा तीसरे नंबर पर था।
क्या है स्थिति
राज्य शिकायत निस्तारण प्रतिशत
यूपी 27992 20886 74.61
हरियाणा 14632 10459 71.48
चंड़ीगढ़ 1072 758 70.70
महाराष्ट 11697 8162 69.77
गुजरात 2944 1986 67.45
पंजाब 1661 859 51.71
राजस्थान 1586 378 23.83
ऑनलाइन सुनवाई के पक्ष में है 87 प्रतिशत खरीदार
यूपी रेरा ने ई-कोर्ट को लेकर खरीदारों के बीच सर्वे कराया था। सर्वे में 523 खरीदारों ने भाग लिया। इनमें से 87 प्रतिशत खरीदारों ने ऑनलाइन सुनवाई को सही ठहराया। 81 प्रतिशत खरीदारों ने कहा कि वे ऑनलाइन कोर्ट में पक्ष रखने में सफल रहे। 90 प्रतिशत खरीदारों ने ऑनलाइन सुनवाई को सुविधाजनक करार दिया। सुनवाई से पहले यूपी रेरा की तरफ से सहयोग और गाइडलाइन की जानकारी दी गई या नहीं, इस सवाल पर 87 प्रतिशत खरीदारों ने सहयोग मिलने की बात कही है।
यहां अधिक खरीदार हैं तो शिकायतें ज्यादा आ रही हैं। इस कारण प्राथमिकता शिकायतों के निस्तारण पर है। साथ ही, अब आदेशों का पालन कराना भी प्राथमिकता पर है, ताकि खरीदारों को न्याय मिल सके। लगातार दूसरे साल यूपी रेरा निस्तारण में अव्वल रहा है।- बलविंदर कुमार, सदस्य यूपी रेरा