घायल की मदद करना पड़ा बहुत महंगा, यूपी पुलिस ने दी ये सजा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक घायल की मदद करने वाले को पुलिस परेशान नहीं करेगी। यह बात तो हमेशा कही जाती है लेकिन नोएडा में एक शख्स को इसी वजह से कितनी परेशानी सहनी पड़ी यह पढ़कर शायद आप भी अगली बार मदद से पहले सोचने लगें।
एक राह चलते युवक ने सड़क किनारे बेहोश पड़े व्यक्ति की सहायता करने के लिए 100 नंबर पर कॉल कर दी। इसके बाद पुलिस ने करीब दो घंटे तक युवक को हिरासत में रखा। आला अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद ही युवक को छोड़ा गया।
सेक्टर-44 निवासी प्रॉपर्टी डीलर प्रकाश ठाकुर का कहना है कि शनिवार शाम वह सेक्टर-18 की ओर से जा रहे थे। सदरपुर के पास उन्होंने सड़क किनारे एक व्यक्ति को घायलावस्था में बेहोश पड़े देखा। उसकी मदद करने के लिए उन्होंने 100 नंबर पर कॉल की।
विरोध करने पर भी नहीं माने पुलिसवाले
पुलिस मौके पर पहुंची और पीसीआर कर्मियों ने पूछताछ करने के बाद प्रकाश ठाकुर को साथ बैठा लिया। प्रॉपर्टी डीलर ने विरोध किया, लेकिन पुलिसकर्मी नहीं माने। घायल को अस्पताल में दाखिल कराकर वे प्रकाश को थाने ले गए।
प्रकाश के मुताबिक, वहां उनसे पूछताछ की गई। पुलिसवालों ने कहा कि वह तब तक थाने में ही रहेंगे, जब तक उस व्यक्ति को होश नहीं आ जाता। यह मामला करीब दो घंटे बाद आला अधिकारियों तक पहुंचा तो उनके आदेश पर प्रकाश को छोड़ा गया।
आला अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस घटना की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। उधर, दो घंटे तक युवक हवालात में ही रहा। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट आदेश हैं कि घायल की मदद करने वाले को कतई परेशान न किया जाए।