केंद्रीय मंत्री का बयान- ‘भगवान सबकी इच्छाएं पूरी नहीं कर सकते तो सांसद कैसे कर सकता है’
सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. महेश शर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह भगवान पर टिप्पणी करते दिख रहे हैं। इस वीडियो में उन्होंने कहा कि ‘जब भगवान सबकी इच्छाएं पूरी नहीं कर सकते तो एक सांसद कैसे कर सकता है।’ बताया जा रहा कि यह वीडियो नगर के भजनलाल मंदिर में आयोजित कार्यकर्ताओं के साथ बैठक का है।
केंद्रीय राज्यमंत्री महेश शर्मा बृहस्पतिवार शाम क्षेत्र के कबाड़ी बाजार स्थित भजनलाल मंदिर में कार्यकर्ताओं, समर्थकों और व्यापारियों को संबोधित कर रहे थे। वायरल वीडियो के अनुसार, केंद्रीय मंत्री भगवान पर टिप्पणी करते हुए दिख रहे हैं कि ‘हम सब भगवान के बच्चे हैं।
जब भगवान ने हमें दुनिया में भेजा है तो उसकी जिम्मेदारी बनती है कि हमारे के लिए रोटी, कपड़ा, मकान, रोजगार, हमारे बच्चों की पढ़ाई का इंतजाम करें। आज भी पूर्वी यूपी बलिया समेत अन्य जिलों में लोगों को भरपेट खाना नहीं मिलता। बच्चे जब स्कूल जाते है तो वह मिड-डे मील से ही पेट भरते हैं, बाकी भूखे रहते हैं।
उन्होंने कहा कि सबकी इच्छाएं तो भगवान भी पूरी नहीं कर सकता, फिर एक सांसद कैसे कर सकता हैं।’ इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ता और समर्थकों से कहा कि यह शिकवे, शिकायत और मांग का समय नहीं है। अब केवल चुनाव जिताने में जुट जाएं। उन्होंने जनता के सवालों के जवाब में सरकार की योजनाएं बताने का सुझाव दिया।
उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही एयर स्ट्राइक का जिक्र करते हुए बताया कि भाजपा के काल में देश सुरक्षित हाथों में है। इस दौरान उन्होंने जेवर हवाई अड्डे, अरनिया थर्मल पावर प्लांट को क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया।
भाजपा जिलाध्यक्ष हिमांशु मित्तल ने कहा कि बैठक में केंद्रीय मंत्री कार्यकर्ताओं को समझा रहे थे। उनकी बात को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है।