दिल्ली में हादसा: द्वारका में भरभराकर गिरा निर्माणाधीन मकान, एक की मौत, दो घायल
बताया जा रहा है कि मकान की नींव खोदते समय बगल के मकान की दीवार गिर गई, जिससे यह हादसा हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
द्वारका के पोचनपुर इलाके में एक मकान के बेसमेंट के निर्माण कार्य के दौरान पड़ोस में स्थित डीडीए फ्लैट की दीवार गिर गई। मलबे के नीचे दबकर वहां काम कर रहे एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दस साल का एक लड़के सहित दो लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंचे बचाव दल ने घायलों को मलबे से निकालकर पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया गया जबकि घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर मकान मालिक और ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है।
दमकल अधिकारियों ने बताया कि शनिवार दोपहर 2.18 बजे दमकल विभाग और पुलिस को पोचनपुर में एक मकान की दीवार के ढ़हने और उसमें कुछ लोगों के फंसे होने की जानकारी मिली। मौके पर दमकल की तीन गाड़ियां और पुलिसकर्मी पहुंच गए। पुलिस ने मामूली रूप से घायल हरवाई और दस साल के प्रमोद को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया। साथ ही मलबे का हटाने का काम शुरू किया। कुछ देर बाद मलबे से 35 वर्षीय जगदीश को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच के बाद पुलिस ने बताया कि द्वारका सेक्टर 17 निवासी वीरेंद्र सिंह पोचनपुर गांव में मकान का निर्माण कार्य करवा रहा था। मिसरी लाल पंडित ने मकान बनाने की ठेकेदारी ली थी। मजदूरों ने मकान के नींव की खुदाई करने के बाद बेसमेंट का दीवार का निर्माण कर लिया था और बेसमेंट के फर्श पर चुनाई का काम चल रहा था। मकान के पड़ोस में डीडीए का एक जर्जर प्लैट था।
जगदीश के पिता रघुवीर ने बताया कि वह मूलत: टीकमगढ़ मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। उसका बेटा अन्य मजदूरों के साथ पिछले एक माह से यहां काम कर रहा था और ठेकेदार के मकान में रहता था। शुक्रवार दोपहर मजदूर खाना खाने के बाद तीनों मजदूर बेसमेंट में आराम कर रहे थे। इसी दौरान जर्जर फ्लैट की पहली मंजिल की दीवार बेसमेंट में आ गिरी। दीवार के गिरते ही अन्य दो मजदूर वहां से भागे जबकि जगदीश मलबे के नीचे दब गया। रघुवीर ने बताया कि उसे तीन बजे किसी ने फोन कर घटना की जानकारी दी। वह तुरंत भागकर यहां पहुंचा। तब तक जगदीश को अस्पताल ले जा चुके थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मकान मालिक और ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।