चुनाव के खेल में अधिकृत होंगी अनाधिकृत कॉलोनियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में भले ही अभी आहट नहीं है, और भाजपा बैकफुट पर दिखाई पड़ती है, लेकिन भाजपा अपने आप को चुनावी मोड में रहने की हर पल कोशिश में जुटी है।
दिल्ली के विकास के लिए एक ब्लू प्रिंट भी तैयार किया है। इसके जरिये दिल्ली वालों को यह बताया जा सके कि दिल्ली में सरकार भाजपा की भले ही नहीं है, लेकिन केंद्र की भूमिका से राहत दी जा रही है।
मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय के नेतृत्व में दिल्ली के सातों सांसद व एमसीडी के मेयर केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू से मिले। मुलाकात के दौरान दिल्ली के संपूर्ण विकास का ब्लू प्रिंट तैयार किया गया। इसमें मुख्य रूप से 2013-14 तक बसी सभी अनाधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने पर बात की गई।
कच्ची कॉलोनियों से एंट्री:
भाजपा का यह प्रयास है कि तीन महीने के भीतर सभी अनाधिकृत कॉलोनियों में मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उन्हें नियमित किया जाए। इस तरह से आम आदमी पार्टी की इन कॉलोनियों में पहुंच को खत्म किया जा सकता है। पार्टी अगले पंद्रह दिनों में एक ड्राफ्ट तैयार करके सरकार को सौंपेगी और फिर इसे केंद्रीय शहरी मंत्रालय के पास भेजा जाएगा। इससे राजधानी में अनिधकृत कॉलोनी को अधिकृत करने का रास्ता साफ हो जाएगा। राजधानी में अभी करीब 800 कॉलोनियां अधिकृत होने की सूची में शामिल हैं।
द्वारका व अन्य इलाकों में पानी उपलब्ध कराया जाए:
दिल्ली में पानी बड़ी समस्या है। केंद्रीय मंत्री नायडू ने दिल्ली जल बोर्ड एवं डीडीए को आदेश दिया है कि वह द्वारका सहित दूरदराज बसी कालोनियों में पानी की सप्लाई नियमित करने के लिए 30 सितंबर तक समयबद्ध योजना रखे। डीडीए का पार्क एमसीडी को स्थानांतरित किया जाए।
नक्शा पास कराने की अनिवार्यता खत्म हो
प्रदेश भाजपा ने शहरी विकास मंत्री से दिल्ली के दौ सौ मीटर वाले प्लॉटों को एमसीडी से नक्शा पास कराने की अनिवार्यता को समाप्त करने की मांग की। भवन अधिनियमों में परिवर्तन कर उनमें छोटे प्लाटों के लिए आर्किटेक्ट और स्ट्रक्चरल इंजीनियर के सर्टिफिकेट के अलावा सभी बाध्यताएं समाप्त की जाएं।
सभी बाजारों में शौचालय
बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को बेहतर तालमेल से दिल्ली के सभी बाजार में शौचालय उपलब्ध कराने को कहा गया। जनसुविधा परिसरों में सुधार लाकर महिलाओं के लिए विशेष प्रबंध करेंगे।
बेहतर तालमेल बनाने का प्रयास
दिल्ली में संपूर्ण लैंड मैपिंग की जाएगी। पार्किंग, स्कूल, अस्पताल, महिला हॉस्टल के परिसरों के लिए भूमि चिह्नित जल्द की जाएगी। 30 सितंबर तक सेनेट्री लैंड फील्ड के लिए भूमि चिह्नित होगी। कचरा प्रबंधन और कूड़े से बिजली निर्माण बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी। नायडू ने बैठक में दिल्ली की सभी एजेंसियों को कार्यप्रणाली में बदलाव लाने का भी निर्देश दिया।
विशेष स्वच्छता सप्ताह 25 सितंबर से
भाजपा ने बेहतर दिल्ली कैंपेन चलाने की योजना बनाई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि दिल्ली को बेहतर बनाने के लिए सभी विकास एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी कार्य शैली ठीक करें। 25 सितंबर से 2 अक्तूबर तक विशेष स्वच्छता सप्ताह मनाया जाएगा। भाजपा के इस अभियान से न केवल दिल्ली के सांसद व विधायक बल्कि पार्षद भी जुटेंगे।