आज से बगैर जाम के करें दिल्ली-एनसीआर का सफर
मेट्रो की रेड लाइन पर बने दिलशाद गार्डन से शहीद स्थल मेट्रो फेज-2 कॉरिड्रोर पर शनिवार सुबह 8 बजे से पहली मेट्रो दौड़ेगी। महानगर के लोग बगैर जाम के अब मिनटों में दिल्ली-एनसीआर का सफर कर सकेंगे। रेड लाइन पर शहीद स्थल से रिठाला तक की दूरी अब केवल 57 मिनटों में पूरी हो सकेगी। शहरवासियों को नोएडा-ग्रेटर नोएडा के साथ गुरुग्राम, फरीदाबाद और बल्लभगढ़ तक पहुंचने के लिए घंटों जाम से नहीं जूझना होगा। मेट्रो का सफर लोगों को जाम और पॉकेट पर पड़ने वाली मार दोनों से राहत देगा।
मोहननगर बनेगा मुख्य जंक्शन, 45 मिनट में पहुंचेंगे नोएडा
दिलशाद गार्डन से शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन कॉरिडोर पर मोहननगर मेट्रो स्टेशन मुख्य जक्शन बनेगा। गाजियाबाद पुराने शहर से नोएडा, ग्रेटर नोएडा या फिर साउथ दिल्ली व अन्य स्थानों पर जाने वाले लोग मोहननगर स्टेशन तक उतरकर वैशाली मेट्रो स्टेशन तक जाएंगे। ऑटो या फिर कैब से मोहननगर चौराहे से वैशाली तक के करीब 2.5 किमी तक पहुंचने में पांच से 10 मिनट का केवल वक्त लगेगा। इसके बाद वैशाली मेट्रो से आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंचा जा सकेगा। ऐसे में कैब से नोएडा सेक्टर 18 पहुंचने में डेढ़ से 2 घंटे लगते हैं, मेट्रो के जरिए केवल 45 से 1 घंटे में पहुंचा जा सकेगा।
कैब के महंगे किराए से अब नहीं कटेगी जेब
वर्तमान में वैशाली मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने के लिए कैब सेवा से पीक आवर्स में 130 से 140 रुपये लगते हैं। वहीं, नोएडा के सेक्टर-18 तक जाने के लिए लोगों को 250 से अधिक और दिल्ली के कनॉट प्लेस जाने के लिए 450 से 500 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। ऐसे में मेट्रो फेज-2 कॉरिडोर शुरू होने से वैशाली तक केवल 30 रुपये में पहुंच सकेंगे। मोहननगर तक मेट्रो का 20 रुपये किराया है। ऐसे में वैशाली तक शेयरिंग ऑटो में केवल 10 से 15 रुपये खर्च करने होंगे।
मेरठ, राजनगर एक्सटेंशन व नोएडा एक्सटेंशन के लोगों को राहत
नौकरीपेशा सैकड़ों की संख्या में लोग मेरठ, मोदीनगर से रोजाना दिल्ली और नोएडा तक का सफर तय करते हैं। ऐसे में लोगों को मेट्रो फेज-2 कॉरिडोर बड़ी राहत देगा। लोग मेरठ तिराहे से उतरकर शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन से नोएडा और दिल्ली का सफर तय कर सकेंगे। गाजियाबाद पुराने शहर के साथ राजनगर एक्सटेंशन की 35 से अधिक सोसाइटी में रहने वाले करीब 45 हजार लोगों को बड़ा लाभ होगा। राजनगर एक्सटेंशन के लोगों के लिए हिंडन रिवर बैंक स्टेशन करीब पड़ेगा। दूसरी ओर नोएडा एक्सटेंशन के लोगों को कश्मीरी गेट, रोहिणी, रिठाला जाने के लिए मेट्रो फेज-2 कॉरिडोर सबसे अच्छा विकल्प साबित होगा
केवल तीन मेट्रो स्टेशनों पर है पार्किंग
मेट्रो फेज-2 कॉरिडोर में पार्किंग की समस्या लोगों को रुलाएगी। कॉरिडोर पर डीएमआरसी ने केवल तीन स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा दी है। इनमें सबसे बड़ी करीब 70 से 75 वाहनों की पार्किंग हिंडन रिवर बैंक मेट्रो स्टेशन, शहीदनगर पर करीब 50 और शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन पर 45 से 50 वाहनों की पार्किंग है। पांच स्टेशनों पर कोई पार्किंग की सुविधा न होना लोगों की परेशानी का सबब बनेगा।
मेट्रो का किराया एक नजर में
रेड लाइन पर बने मेट्रो फेज-2 कॉरिडोर में शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन से दिलशाद गार्डन तक न्यूनतम 10 रुपये और अधिकतम किराया 30 रुपये है। दूसरी ओर रेड लाइन पर 34.72 लंबे नया बस अड्डा से रिठाला तक के कॉरिडोर से अधिकतम किराया 60 रुपये हैं। स्टेशन स्तर तक किराया की बात करें तो शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन से हिंडन रिवर बैंक तक 10 रुपये, फिर अर्थला से श्यामपार्क तक 20 रुपये और फिर राजेंद्रनगर से दिल्ली के मानसरोवर पार्क तक 30 रुपये और फिर शाहदरा से कश्मीरी गेट तक 40 रुपये, तीस हजारी से रिठाला तक 60 रुपये किराया है।
केवल आज आठ बजे, रोजाना 5:28 बजे मिलेगी पहली ट्रेन
रेड लाइन पर केवल शनिवार को सुबह 8 बजे शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन से पहली मेट्रो ट्रेन रवाना होगी। इस ट्रेन के लिए टिकट की बिक्री 5 मिनट पहले से शुरू होगी। इसके बाद प्रतिदिन शहीद स्थल से शुरू होने वाली पहली मेट्रो ट्रेन सुबह 5:28 बजे पर रिठाला के लिए रवाना होगी। जबकि स्टेशन पर टोकन की बिक्री सुबह 5:23 बजे से शुरू की जाएगी। वहीं, नया बस अड्डा से रात को आखिरी ट्रेन 11:30 बजे मिलेगी।
मेट्रो फेज-2 कॉरिडोर एक नजर में
- मेट्रो फेज-2 कॉरिडोर का जुलाई 2014 में शुरू हुआ था कार्य
- दिलशाद गार्डन से शहीद स्थल कॉरिडोर में है कुल आठ स्टेशन
- संशोधित डीपीआर स्वीकृत होने के बाद कुल बजट 1781.21 करोड़
- मेट्रो रेड लाइन पर बने इस सेक्शन की 9.63 किमी है लंबाई
- कॉरिडोर के सभी आठ स्टेशन पर 265-265 केवी का लगा है सौर ऊर्जा प्लांट
- कॉरिडोर पर छह डिब्बों की 35 ट्रेनें होंगी सेवा में
- आठ में से छह स्टेशनों पर मिलेगी फुटओवर ब्रिज की सुविधा