बारिश से दिल्ली एनसीआर का मौसम हुआ सुहाना, लगा जाम का झाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिनभर उमस भरी गर्मी के बाद शाम को करीब एक घंटे की झमाझम बारिश ने राहत तो दी, लेकिन साथ ही आफत भी बढ़ा दी। शहर की सभी मुख्य सड़कें जाम से बेहाल रहीं। देर शाम तक लोगों को जाम झेलना पड़ा। एक्सप्रेसवे से फिल्म सिटी फ्लाईओवर तक करीब 3 किमी लंबे जाम ने लोगों का पसीना छुड़ा दिया।
बृहस्पतिवार शाम करीब 4:30 बजे तेज बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। घंटे भर की बारिश ने शहर की सड़कों को लबालब कर दिया। जगह-जगह जलभराव हो गया। बारिश इतनी तेज थी कि सड़कों पर वाहन जहां थे, वहीं ब्रेक लग गए। शाम करीब 5:30 बजे तक झमाझम बारिश हुई।
इसके बाद बूंदाबांदी का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। इस बीच पीक टाइम में सड़कों पर वाहनों का बेतहाशा दबाव बढ़ गया और जगह-जगह लंबा जाम लग गया। सबसे ज्यादा खराब स्थिति एक्सप्रेसवे पर दिखाई दी।
सेक्टर-124 से महामाया फ्लाईओवर के रास्ते फिल्म सिटी को जोड़ने वाली सड़क पर करीब 3 किमी लंबे जाम में वाहन देर रात तक रेंगते रहे। वहीं चिल्ला रेगुलेटर से फिल्म सिटी तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। महामाया फ्लाईओवर से कालिंदी कुंज तक शाम को धीमा रहने वाला ट्रैफिक थम सा गया।
डीएससी (दादरी-सूरजपुर-छलेरा) मार्ग पर जगह-जगह जाम ने लोगों को परेशान किया। बारिश की वजह से आईओसी गोलचक्कर पर यातायात व्यवस्था ऐसी बिगड़ी की ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी परेशान दिखाई दिए। नया बांस और अट्टा मार्ग पर भी जाम का असर दिखाई दिया।
अतिक्रमण के कारण जाम से बेहाल रहने वाले बरौला मार्ग में स्थिति और ज्यादा बिगड़ गई। इसके अलावा गाजियाबाद को नोएडा से जोड़ने वाले एनएच-24 के मॉडल टाउन चौराहे से मामूरा तक लंबे जाम ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दीं। यहां मेट्रो के डायवर्जन की वजह से परेशानी और ज्यादा बढ़ गई। सेक्टर-71 चौराहे पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से जाम लगा रहा।