पुलिस कर रही चिता की तलाश: क्राइम वर्ल्ड में नाम कमाने के लिए अफ्रीकी को मारी गोली, हत्यारा रोहिणी से गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने एक सहयोगी चीता के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस चीता की तलाश कर रही है।
विस्तार
अपराध जगत में अपनी पहचान बनाने के लिए एक बदमाश ने निहाल विहार में अफ्रीकी नागरिक की हत्या की थी। बदमाश विदेशी नागरिक की हत्या कर अपना नाम करना चाहता था। बाहरी जिला स्पेशल स्टाफ ने हत्या करने वाले शूटर को रोहिणी के जापानी पार्क के पास से गिरफ्तार किया है। शूटर की पहचान निकेश उर्फ कान्हा के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने एक सहयोगी चीता के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस चीता की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए बदमाश पर कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। जिला पुलिस उपायुक्त जिम्मी चिराम ने बताया कि छह जुलाई को निहाल विहार के चंदर विहार इलाके में एक अफ्रीकी मूल के नागरिक संडे अर्नेस्ट मोराह (40) की बदमाशों ने हत्या कर दी थी। जांच में पता चला कि मृतक पर कानपुर यूपी में एक ठगी का मामला दर्ज था और इस मामले में वह जेल में बंद था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कई टीम बनाकर आरोपियों की पहचान करने में जुट गई।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब डेढ़ सौ सीसीटीवी कैमरे की जांच की। जांच में पता चला कि दो बदमाश बाइक से आकर गोलीबारी की थी। लेकिन कुछ बदमाश मददगार के तौर पर दूर खड़े थे। पुलिस ने तकनीकी जांच कर मददगारों की पहचान की। नौ जुलाई को निहाल विहार थाना प्रभारी मुकेश के नेतृत्व में तीन बदमाश राजेश, अभिषेक और मोहित को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों ने बताया कि उनलोगों ने एक नाइजीरियन नागरिक को ड्रग्स देने के लिए कहा था, लेकिन वह पैसे लेने के बावजूद ड्रग्स मुहैया नहीं करवा रहा था। उनलोगों ने दो युवकों को उसकी हत्या करने के लिए कहा। लेकिन बदमाशों ने गलतफहमी में संडे अर्नेस्ट मोराह को गोली मार दी।
उसके बाद निरीक्षक नरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ की टीम ने शूटरों की तलाश शुरू की। टीम ने दिल्ली के अलावा हरियाणा और राजस्थान में कई जगह छापे मारे। शूटर लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। इसी बीच 14 जुलाई को पुलिस को शूटर के रोहिणी के जापानी पार्क के पास होने की जानकारी मिली। जहां से पुलिस टीम ने निकेश उर्फ कान्हा को गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि वह विदेशी नागरिक की हत्या कर अपराध जगत में अपना नाम करना चाहता था। इसलिए संडे अर्नेस्ट मोराह को देखते ही उसने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस उसके साथी चीता की तलाश में दबिश दे रही है।