खेलते-खेलते अचानक गायब हो गई मासूम, आखिरी बार अज्ञात शख्स के साथ जूस पीते हुए आई थी नजर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित सरस्वती कुंज सोसायटी के पास बनी झुग्ग्यिों में गुरुवार रात को घर के बाहर खेल रही तीन वर्षीय बच्ची संदिग्ध हालात में गायब हो गई। बच्ची के पिता के अपहरण की आशंका पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बच्ची की तलाश में पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में कॉबिंग की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लग पाया। सेक्टर-53 थाना प्रभारी के मुताबिक पुलिस सोशल मीडिया और खुफिया तंत्रों की मदद से सुराग लगाने में जुटी हुई है। जल्द ही बच्ची का सुराग लगा लिया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक पश्चिम बंगाल के नादिया निवासी परिवार सरस्वती कुंज के पास झुग्गियों में रहता है। बच्ची के पिता साफ-सफाई का काम करते हैं, जबकि मां झुग्गियों में ही जनरल स्टोर चलाती हैं। गुरुवार को उनकी तीन वर्षीय बच्ची झुग्गी के पास अकेली ही खेल रही थी, थोड़ी ही देर बाद जब महिला ने देखा तो बच्ची वहां नहीं मिली।
आसपास के इलाके में पूछताछ करने पर एक राह चलती महिला ने बताया कि एक युवक उसे पास की रेहड़ी पर जूस पिला रहा था। जब तक महिला वहां पहुंचती रेहड़ी पर कोई नहीं मिला। देर रात तक बच्ची का सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी।
पुलिस ने अपनी टीमें गठित कर आसपास के क्षेत्र में कॉबिंग कराते हुए बच्ची की तलाशी की, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। परिजनों ने आशंका जताई कि कोई अज्ञात शख्स उनकी बेटी का अपहरण करके ले गया। युवक की शिकायत पर सेक्टर-53 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांचकर्ता एएसआई महेश कुमार ने बताया कि अभी तक बच्ची के संबंध में पीड़ित परिजनों के पास कोई फोन नहीं आया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में बच्ची को ढूंढ रही है जल्द ही उसका सुराग लगा लिया जाएगा।