पहाड़गंज में लूट का मामला सुलझा: कैब चालक को ऑनलाइन रुपये देना चोरों को पड़ा भारी, पुलिस ने तीन को धर दबोचा
पुलिस अधिकारी का कहना है कि गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ कर वारदात में शामिल तीन अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। बता दें कि पहाड़गंज स्थित कूरियर कंपनी के दफ्तर के बाहर बुधवार सुबह बदमाश दो करोड़ से अधिक के गहने लूटकर फरार हो गए थे।
विस्तार
एक कैब चालक को पेटीएम कर उसको सौ रुपये देना बदमाश को भारी पड़ गया। एक बदमाश ने कैब चालक से पैसे लेकर चाय पी थी। पुलिस ने तकनीकी जांच कर पहाड़गंज में हुई दो करोड़ से अधिक के गहनों की लूट में शामिल तीन बदमाशों को जयपुर राजस्थान से गिरफ्तार कर मामले को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने कैब चालक से बदमाश का फोन नंबर लेकर सर्विलांस के जरिए राजस्थान के जयपुर पहुंची और बदमाशों को दबोच लिया।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ कर वारदात में शामिल तीन अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। पहाड़गंज स्थित कूरियर कंपनी के दफ्तर के बाहर बुधवार सुबह लूट की यह वारदात हुई थी। कूरियर कंपनी के दो कर्मचारी जगदीश और सोमवीर करोडों के गहने लेकर चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए थे।
सुबह 4.30 बजे दोनों कर्मचारी दफ्तर से पैदल निकलकर गली में पहुंचे। इसी दौरान चार-पांच बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। एक बदमाश पुलिस की वर्दी में था। बदमाशों ने उन्हें जांच के नाम पर रोका। इसी दौरान एक बदमाश ने उनकी आंखों में लाल मिर्च का पाउडर डाल दिया। बदमाश उनके गहने वाला बैग लूटकर फरार हो गए। कर्मचारयों की शिकायत पर पहाड़गंज थाने में लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक करीब आधा दर्जन टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की।
ऐसे पकड़ा गया बदमाश
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला। साथ ही पुलिस ने मोबाइल फोन का डंप डाटा उठाया। फुटेज में पता चला कि एक बदमाश पिछले एक सप्ताह से इलाके में रेकी कर रहा था। पुलिस उस बदमाश के सारे फुटेज को गौर से जांच की। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि एक दिन बदमाश ने सड़क किनारे चाय पी थी। उसके पास चाय के लिए 10 रुपए नहीं थे। उसने पास में खड़े एक कैब चालक को सौ रुपये पेटीएम किया और इसके बदले में उससे सौ रुपये ले लिए। उसके बाद उसने चाय वाले को पैसा दिया।
पुलिस ने कैब के नंबर से चालक की पहचान की और उससे बदमाश का नंबर लिया। उसके बाद पुलिस ने बदमाश के फोन को सर्विलांस पर लगाया। पुलिस को पता चला कि बदमाश नजफगढ़ का रहने वाला है। पुलिस टीम ने तुरंत नजफगढ़ में छापेमारी की। लेकिन वह फरार हो चुका था। तकनीकी जांच से पता चला कि बदमाश राजस्थान के जयपुर में हैं। पुलिस ने तुरंत एक टीम को वहां रवाना कर तीन बदमाशों को जयपुर से दबोच लिया। पुलिस बदमाशों को लेकर दिल्ली आ रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों के दिल्ली आने के बाद उनसे पूछताछ कर गहनों की बरामदगी और अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।