Delhi: ज्वेलरी शोरूम के मालिक से लूटपाट में तीन गिरफ्तार, बदमाशों से गहने खरीदने वाला ज्वेलर मेरठ से पकड़ा
शिकायतकर्ता ने बताया कि दुकान बंद करने के बाद रामा पार्क रोड स्थित अपने घर पहुंचे। जब वह पार्किंग में स्कूटी खड़ी कर रहे थे, इसी दौरान बदमाश आए। गोली मारने की धमकी देकर स्कूटी की डिग्गी से गहने और 3.50 लाख रुपये लूट लिए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली की द्वारका जिला पुलिस ने मोहन गार्डन इलाके में ज्वेलरी शोरूम के मालिक से लूटपाट करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी जुआ और खरीदारी के लिए वारदात को अंजाम देते हैं। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर एक ज्वेलर को भी पकड़ा है। ज्वेलर ने बदमाशों से गहने खरीदे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से पिघला हुआ 190 ग्राम सोना, पिस्टल, दस कारतूस, दो मोबाइल फोन, 2.12 लाख रुपये और एक बाइक बरामद की है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान भलस्वा निवासी मोहम्मद सादिक, तस्लीम, हरिद्वार निवासी धर्मवीर और ज्वेलर की पहचान लाला का बाजार, मेरठ सिटी यूपी निवासी हरमीत के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 19 फरवरी की रात पुलिस को मोहन गार्डन स्थित एक ज्वेलरी शोरूम के मालिक से लूटपाट की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को शिकायतकर्ता मिला। इन्होंने बताया कि दुकान बंद करने के बाद रामा पार्क रोड स्थित अपने घर पहुंचे। जब वह पार्किंग में स्कूटी खड़ी कर रहे थे, इसी दौरान बदमाश आए। गोली मारने की धमकी देकर स्कूटी की डिग्गी से गहने और 3.50 लाख रुपये लूट लिए। शिकायतकर्ता के पीछा करने पर बदमाशों ने हवा में गोली भी चलाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
जिले के स्पेशल स्टाफ और वाहन चोरी निरोधक शाखा की टीम ने शिकायतकर्ता के घर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। वारदात में शामिल दो बदमाशों की पहचान मोहम्मद सादिक और तसलीम के रूप में हुई। पुलिस ने उन्हें विपिन गार्डन से हथियार और बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने तीसरे साथी धर्मवीर की पहचान कर उसे सांगानेर, जयपुर, राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया।
बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि नकदी का एक हिस्सा जुआ और खरीदारी में खर्च कर दिया। उन्होंने बताया कि लूटे गए गहने को राजू के जरिये मेरठ के ज्वेलर हरमीत को बेच दिया है। पुलिस ने राजू और हरमीत की गिरफ्तारी के लिए मेरठ, उत्तर प्रदेश और हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश में छापेमारी की। राजू फरार हो गया, जबकि पुलिस ने ज्वेलर हरमीत को उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में हरमीत ने बताया कि उसने लूटे गए गहनों को गला दिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से पिघला हुआ 190 ग्राम सोना बरामद कर लिया।