झगड़ा देखने गया युवक, मिली मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नई दिल्ली में गांधी नगर इलाके में मंगलवार रात कंधा टकराने पर दो युवकों के बीच जमकर झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान एक युवक ने दूसरे पर गोली चला दी। गोली दूसरे युवक को लगने के बजाए वहां झगड़ा देख रहे एक अन्य युवक की कनपटी में जा लगी।
घायल युवक को उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मरने वाले युवक की पहचान सीलमपुर निवासी मुमताज (26) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मूलत: बिहार निवासी मुमताज अजीत नगर मेन रोड स्थित एक दुकान पर टीवी मरम्मत का काम करता था। मंगलवार की रात करीब 8 बजे वह अपने दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान स्थानीय निवासी मुस्तफा उसके दुकान के सामने से गुजर रहा था।
आरोपी युवक फरार
मुस्तफा का कंधा एक अनजान युवक से टकरा गया। इस बात को लेकर अनजान युवक और मुस्तफा के बीच झगड़ा होने लगा। मुस्तफा ने युवक की पिटाई कर उसे सड़क पर गिरा दिया। इसी दौरान आरोपी युवक ने कमर से निकालकर मुस्तफा पर गोली चला दी।
गोली मुस्तफा को लगने की बजाए झगड़ा देख रहे मुमताज के कनपटी पर जा लगी। गोली लगते ही मुमताज नीचे गिर गया। गोली चलते ही बाजार में अफरातफरी मच गई। जिसका फायदा उठाकर आरोपी वहां से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जख्मी मुमताज को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को आशंका है कि हमलावर युवक आस पास के इलाके में रहता है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।