पकड़े जाने से डर से 16वीं मंजिल से गिरा चोर, मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा सेक्टर-39 थाना के अंतर्गत सेक्टर-45 स्थित एक अपार्टमेंट में चोरी के नियत से घुसे दो चोरों में से एक की 16वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। वहीं, दूसरे को वहां मौजूद सिक्यूरिटी गार्डों ने चोरी की केबल के साथ पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के मुताबिक निर्माणाधीन प्रतीक ग्रुप के अपार्टमेंट में रविवार रात दो बदमाश केबल चुराने के नियत से घुसे। अपार्टमेंट में किसी तरह की खटपट की आवाज आने पर वहां मौजूद सिक्यूरिटी गार्ड विपिन अपने साथियों के साथ 16 वीं मंजिल पर पहुंचा।
वहां उन्होंने उन चोरों को ललकारा। गार्डों के वहां पहुंचने पर दोनों बदमाश डर गए। इसी दौरान एक चोर नीचे गिर गया। जबकि दूसरे चोर को गार्डों ने पकड़ लिया। गार्डों ने जब नीचे जाकर देखा तो चोर की मौत हो चुकी थी। उसकी पहचान हरदोई निवासी निर्मल के रूप में हुई।
वह सदरपुर में रहता था। वहीं, पकड़े गए बदमाश की पहचान मूलरूप से उन्नाव निवासी राकेश सैनी के रूप में हुई। वह सदरपुर में रहता है। राकेश के पास से चोरी के लिए जुटाई गई केबल बरामद ना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कार की टक्कर से युवक की मौत
नोएडा सेक्टर-62 में सोमवार तड़के एक सेंट्रो कार ने एक युवक को टक्कर मार दी। घायल की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। सुधीर चौहान (30) पन्नी चुनने का काम करता है। वह सोमवार तड़के पन्नी चुनने के लिए निकला था।
एनआईबी चौकी के पास एक सेंट्रो कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चालक फरार हो गया। मौके पर पहुंची पीसीआर ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस अब कार चालक को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
मशीन लूटने के लिए चलाई गोली, एक घायल
नोएडा सेक्टर-39 थाना के अंतर्गत महामाया फ्लाई ओवर के पास ग्रीन बेल्ट में सोमवार को ऑप्टिकल फाइबर बिछा रहे एक कर्मचारी को लुटेरों ने गोली मार दी। वारदात के बाद वहां से एक मशीन लूटी और पैदल ही फरार हो गए। घायल को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक महामाया फ्लाई ओवर के पास ग्रीन बेल्ट में सोमवार को एक ठेकेदार योगेंद्र के अधीन दो कर्मचारी अमित व विकास ऑप्टिकल फाइबर जोड़ने का काम कर रहे थे। उसी समय वहां एक युवक पहुंचा। उसने वहां केबल कटे होने की बात की और बातचीत करने लगा। तभी वहां दो अन्य लोग भी पहुंचे और दोनों वहां मौजूद कर्मचारियों से झगड़ने लगे।
एकाएक एक युवक ने तमंचा निकालकर तान दिया और ऑप्टिकल फाइबर जोड़ने वाली मशीन पैक करने को कहा। मशीन पैक कराने के बाद उन्होंने वहां खड़ी आईटेन कार की चाबी मांगी। चाबी मांगने पर विकास से विरोध किया। झगड़े के दौरान ही तीनों अज्ञात लुटेरों में से एक ने विकास पर गोली चला दी। विकास को तीन गोली लगी। उसे आननफानन में जिला अस्पताल ले जाया गया।
वहां से उसे कैलाश अस्पताल रेफर किया गया। विकास की हालत अभी स्थिर बताई जा रही है। इस बाबत सीओ-प्रथम शिवराम यादव ने बताया कि लुटेरों ने तीन गोलियां चलाई हैं और मशीन लूटकर वहां से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि पुलिस को यह भी शक है कि केबिल बिछाने को लेकर विवाद हुआ है।