केबल चोर अरेस्ट: दिल्ली मेट्रो की नई लाइन से 1000 मीटर वायर हुई थी गायब, कुछ दिन पहले पीएम ने किया था उद्घाटन
Delhi Metro: केबल चोरी के मामले में दिल्ली पुलिस की मेट्रो पुलिस यूनिट ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली मेट्रो की नई लाइन पर 1000 मीटर केबल चोरी के मामले में चोर को गिरफ्तार कर लिया गया है। कुछ दिन पहले ही इन नई लाइन का पीएम नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली मेट्रो के मजलिस पार्क और भलस्वा मेट्रो स्टेशनों से सिग्नलिंग केबल चोरी के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। इस चोरी के कारण मेट्रो का सिग्नलिंग सिस्टम बुरी तरह प्रभावित हुआ और सेवाएं बाधित हुईं। पुलिस ने आरोपी के पास से लगभग 170 से 180 मीटर जली हुई केबल बरामद की है, जबकि कुल 1000 मीटर केबल चोरी होने का अनुमान है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बीती 12 मार्च की सुबह करीब 4:20 बजे डीएमआरसी के ओसीसी/एमबी सिग्नल कंट्रोलर एमआरएस मजलिस पार्क से सिग्नलिंग केबल चोरी होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही रात्रि गश्त टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
टीम ने पास के जंगल में कुछ लोगों को तांबे के लिए तार पिघलाते देखा। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जहांगीरपुरी, दिल्ली निवासी शेख शफीक के रूप में हुई है। आजादपुर मेट्रो पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता और डीएमआरसी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शिकायतकर्ता जसबीर सिंह एमआरएस मजलिस पार्क ने बताया कि निरीक्षण के दौरान लगभग 1000 मीटर सिग्नलिंग केबल गायब पाई गई। पुलिस बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है और आगे की जांच जारी है। मेट्रो पुलिस और डीएमआरसी की टीम ने संवेदनशील स्थानों का संयुक्त सर्वेक्षण भी किया है।
8 मार्च को पीएम ने किया था नई लाइन का उद्घाटन
जिस मेट्रो की नई लाइन पर चोरी हुई है, वहां पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस यानी 8 मार्च को दिल्ली मेट्रो के दो कॉरिडोर का उद्घाटन किया था। इसमें से एक कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली को देश की पहली रिंग मेट्रो मिल गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली को 33,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी छी। इसमें दो नए मेट्रो रेल कॉरिडोर के उद्घाटन के साथ तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी शामिल है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.