जानें कैसे शादियों की फिजूलखर्ची रोकेगा गुर्जर समाज, तय किए ये 10 नियम
शादियों में फिजूलखर्ची रोकने के लिए गुर्जर समाज ने दस नियम तय किए हैं। जो भी व्यक्ति नियमों को नहीं मानेगा गुर्जर समाज उसका बहिष्कार करेगा। यह निर्णय शुक्रवार को गुर्जर भवन सेक्टर-16 में आयोजित गुर्जर समाज की पंचायत में लिया गया। पंचायत के अध्यक्ष अंतराम तंवर और गुर्जर सभा हरियाणा के अध्यक्ष महेंद्र भड़ाना ने की।
पंचायत में तय हुआ कि नियमों को लागू और उसका पालन करवाने के लिए गांवों में कमेटी बनाई जाएंगी। शुक्रवार को आयोजित पंचायत में विधायक ललित नागर, रूपसिंह नागर, रणबीर चंदीला, जतन नंबरदार, रणवीर बिधूड़ी, तिलकराज बैसला, बिजेंद्र मावी, हंसराज कपासिया, तेजपाल पंवार, जगबीर सरंपच, मास्टर रतिचंद नागर, रामफूल भाटी, पार्षद दीपक चौधरी, राकेश भड़ाना, कर्नल जेसी अधाना, भरत नागर, जयहिंद नंबरदार, डॉ. राजकुमार भड़ाना, कर्मबीर आर्य, नेपाल सिंह कपासिया, लोकेश नागर, मनोज भड़ाना, एडवोकेट कन्हैया लाल, खड़क सिंह पाली सहित गुर्जर समाज के प्रबुद्ध लोगों ने अपने विचार रखे।
बता दें कि गुर्जर समाज ने शादियों में फिजूलखर्ची रोकने के लिए 22 अक्तूबर को गांव तिगरा गुरुग्राम में पंचायत आयोजित कर 10 नियम बनाए थे। इसी पंचायत में तय हुआ था कि हर जिले में पंचायतें आयोजित कर इन नियमों को लागू किया जाए।
इन 10 नियमों को किया जाएगा लागू
- शादी-विवाह अथवा अन्य मौके पर डीजे नहीं बजेगा
- शादी-विवाह व अन्य मौके पर शराब नहीं परोसी जाएगी
- शादी या सगाई के मौके पर दहेज की सूची पढ़कर नहीं सुनाई जाएगी
- दहेज में दी जाने वाली गाड़ी का प्रदर्शन नहीं होगा
- शादी में घुड़चढ़ी के दौरान हथियारों का प्रदर्शन नहीं होगा
- भात का न्योता देने के लिए 21 से ज्यादा महिला व पुरुष नहीं जाएंगे
- गोद भराई में भी 21 से ज्यादा महिला व पुरुष नहीं जाएंगे
- लड़की वाले दशयारी में भी 21 से ज्यादा लोग नहीं जाएंगे
- मंढा-झांकने में 21 से ज्यादा लोग लड़की वाले के घर नहीं जाएंगे
- शादी अथवा अन्य कार्यक्रमों के महंगे निमंत्रण कार्ड नहीं बनवाए जाएंगे