फिल्म जन्नत की हिरोइन के घर बड़ी चोरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्रेटर नोएडा में इमरान हाशमी के साथ फिल्म जन्नत से मशहूर हुई बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान के बीटा-2 स्थित घर से बृहस्पतिवार को 40 लाख रुपये की चोरी हो गई। चोर उनके मकान में सीढ़ी लगाकर घुसे थे। सोनल इन दिनों शूटिंग के सिलसिले में स्पेन गई हुई हैं।
पुलिस के मुताबिक, सोनल चौहान के पिता रघुराज सिंह परिवार के साथ बीटा-2 के जी ब्लॉक में रहते हैं। वह दो दिन पहले बेटे विक्रम के साथ मैनपुरी गए हुए थे। उनकी पत्नी और बहू दोपहर किसी काम से नोएडा गई हुई थीं। शाम करीब सात बजे दोनों महिलाएं घर लौटीं तो दरवाजा नहीं खुला। उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाकर दरवाजा खोला। अंदर का हाल देखकर दोनो दंग रह गए। घर का सारा सामान बिखरा था।
जांच में पता चला कि करीब सात लाख की नगदी और 33 लाख रुपये के जेवरात पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया है। चोर सोनल का फेमिना मिस इंडिया और मिस वर्ल्ड टूरिज्म का ताज भी चोरी करके ले गए। साथ ही, कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के ताज भी ले गए। चोरी हुए जेवरात में सोनल की शादी के लिए बनवाए गए जेवर भी थे। उधर, सोनल के घर से फिंगर प्रिंट लेकर पुलिस ने एक्सपर्ट को भेजे हैं। पुलिस ने पांच संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
टायर पंचर कर उड़ा रहे रुपये
ग्रेटर नोएडा के अगर आप कार या बाइक से जा रहे हैं और कोई आपको सूचना दे कि आपके वाहन में पंचर हो गया है तो जरा सावधान हो जाएं। यह टायर पंचर करके लूटपाट या चोरी करने वाला गिरोह है, जो करीब एक माह से ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में वारदात कर चुका है। इस गिरोह ने दो सप्ताह में आठ घटनाओं को अंजाम दिया है।
ग्रेटर नोएडा में कुछ दिनों में पंचर के बहाने लूटपाट या फिर चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। टायर पंचर गिरोह सड़क पर कील डालकर कारों में पंचर करते हुए लूटपाट या चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। सूत्रों की मानें तो इस गैंग ने करीब 10 दिन पहले गौर सिटी रोड पर नोएडा के एक कंपनी के मैनेजर की कार में पंचर होने की बात बताई थी। इसके बाद जैसे ही उन्होंने कार रोकी तो हथियारों के बल पर उससे कार लूट ली।
दो दिन बाद बादलपुर क्षेत्र में जीटी रोड से जा रहे एक कंपनी के मालिक को बताया कि उनकी कार में पंचर हो गया। वह अपने चालक के साथ जब पंचर लगवाने लगे तो बदमाशों ने उनका लैपटॉप का बैग और दूसरे थैले में रखे करीब 50 हजार रुपये चुरा लिए थे। पांच दिन पहले परी चौक के पास एक कार सवार को पंचर बताकर बदमाश उससे करीब 10 हजार रुपये लूटकर भाग गए। गलगोटिया यूनिवर्सिटी के पास भी बदमाश एक व्यक्ति से करीब 6 दिन पहले लैपटॉप लूट ले गए थे। बुधवार को इसी तरह की एक घटना को दादरी में अंजाम दिया गया।