आपके पास लग्जरी कार है, तो जरूर पढ़ें ये खबर
दिल्ली में वाहन चोरों ने महंगी कारों के रियर व्यू मिरर (साइड मिरर या साइड के शीशे) को उड़ाना शुरू कर दिया है। बीते कुछ माह के दौरान इस तरह की वारदात में तेजी आई है। अहम है कि कई विदेशी महंगी कारों के रियर व्यू मिरर की कीमत लाखों रुपयों में है।
पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार और विवेक विहार इलाके में चोरों ने वर्ष 2014 इस तरह की 100 से ज्यादा वारदात को अंजाम दिया है। ज्यादातर मामलों में घर के बाहर खड़ी कारों को निशाना बनाया गया है।
खास बात यह है कि पुलिस भी इन चोरियों को गंभीरता से नहीं लेती है। पीड़ितों की शिकायत पर मामला तो दर्ज कर लिया जाता है, लेकिन आज तक पुलिस रियर व्यू मिरर चोरी करने वाले गैंग तक नहीं पहुंच पाई है।
इन कारों पर है चोरों का निशना
मार्केट में सबसे ज्यादा बीएमडब्ल्यू, मर्सडीज, ऑडी, स्कोडा, ट्योटा फॉरचुनर, फोर्ड एंडेयवर, रेंज रोवर और ट्योटा इनोवा जैसी गाड़ियों के रियर व्यू मिरर की डिमांड है।
बीएमडब्ल्यू, मर्सडीज, ऑडी और रेंज रोवर कारों के मिरर की कीमत तो एक से तीन लाख रुपये तक है। जबकि पुराने कार के बाजार में यह 20 हजार से 50 हजार रुपये के बीच उपलब्ध हो जाती है। दुकानदार भारतीय कारों के मॉडल के दो से तीन हजार वसूलते हैं।
जामा मस्जिद के एक कारोबारी ने बताया कि राजधानी में रियर व्यू मिरर चोरी की वारदात को ऑन डिमांड भी अंजाम दिया जाता है। उनके मुताबिक ग्राहक की मांग के अनुसार गैंग को कार का मॉडल, रंग और मेक बता दिया जाता है। कुछ ही दिनों बाद गैंग, ग्राहक को मांग के अनुसार मिरर उपलब्ध करा देते हैं।
यहां होती इन शीशों की बिक्री
मेरठ के सोतीगंज में इनकी धुआंधार बिक्री होती है। दिल्ली का कश्मीरी गेट, जामी मस्जिद और मायापुरी में इस तरह के मिरर आसानी से मिल जाते हैं।
पूर्वी जिला के अतिरिक्त पुलिस उपयुक्त मंदीप सिंह रंधावा ने बाताया कि इस तरह के गैंग को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। साथ ही लोगों को रात के समय महंगी कारों को घर के बाहर न खड़ी करने की हिदायत दी गई है। इसके लिए समय-समय पर पब्लिक मीटिंग में लोगों से गुजारिश की जाती है।