इस स्टेडियम में गांधी जयंती पर परोसी गई शराब
दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्टेडियम के परिसर में स्थित रेस्त्रां बार को सरकारी नियमों के उल्लंघन के आरोप में सील कर दिया गया है। ये बार डीडीसीए की निगरानी में चलता है। दिल्ली सरकार के आबकारी विभाग ने इस पर कार्रवाई की है।
बताया जा रहा है कि आउटस्विंगर नाम के इस बार में 2 अकटूबर 2013 को गांधी जयंती के दिन शराब परोसी गई थी। वह भी तब जबकि गांधी जयंती को शराब की बिक्री पर पाबंदी रहती है।
डीडीसीए अधिकारियों के मुताबिक उन्होंने शराब इसलिए परोसी क्योंकि उस दौरान चैंपियंस लीग चल रहा था। हालांकि आबकारी विभाग ने उन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था।
बार को किया गया सील
दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने मीडिया को बताया, 'हमने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था और उनके जवाब से हम संतुष्ट नहीं थे।
मामले की जांच की गई और डीडीसीए को सरकारी नियमों के उल्लंघन का दोषी पाया गया। हमने 10 सितंबर को डीडीसीए को नोटिस दिया था कि उनका बार सील कर दिया जाएगा और आज हमने बार सील कर दिया।'
वहीं डीडीसीए अध्यक्ष स्नेह बंसल ने भी बार सील किए जाने की पुष्टि की है, हालांकि उन्होंने आगे किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से साफ मना किया।