{"_id":"6ae3acccf61c2dac0c020c66","slug":"northern-railway-will-run-special-trains-for-diwali-and-chhath-2026-10-30","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली: दिवाली-छठ पर विशेष ट्रेनें चलाएगा उत्तर रेलवे, ताज एक्सप्रेस अब हजरत निजामुद्दीन से चलेगी; समय भी बदला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली: दिवाली-छठ पर विशेष ट्रेनें चलाएगा उत्तर रेलवे, ताज एक्सप्रेस अब हजरत निजामुद्दीन से चलेगी; समय भी बदला
Fri, 30 Oct 2026 03:40 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Fri, 30 Oct 2026 03:40 AM IST
सार
विशेष तैयारियों से दिल्ली-एनसीआर के अलावा पंजाब, बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
विज्ञापन
1
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दिवाली और छठ पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने कई विशेष रेलगाड़ियां चलाने का फैसला किया है। इससे दिल्ली-एनसीआर के अलावा पंजाब, बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। रेलवे ने हजरत निजामुद्दीन से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और गाजियाबाद से अलीगढ़ के बीच अनारक्षित विशेष रेलगाड़ियों के संचालन की घोषणा की है। इसके अलावा लुधियाना से सहरसा, दरभंगा, गया और कोलकाता सहित विभिन्न शहरों के लिए भी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।
विज्ञापन
गाजियाबाद-अलीगढ़ के बीच दो दिन विशेष ट्रेनें
रेलवे के अनुसार, रेलगाड़ी संख्या 04414 पांच और सात नवंबर को गाजियाबाद से रात 8:05 बजे रवाना होकर रात 10:30 बजे अलीगढ़ पहुंचेगी। वापसी में रेलगाड़ी संख्या 04413 पांच और सात नवंबर को अलीगढ़ से रात 11:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन तड़के 2:50 बजे गाजियाबाद पहुंचेगी। वहीं, रेलगाड़ी संख्या 04412 हजरत निजामुद्दीन से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के बीच पांच से सात नवंबर तक तीन फेरे लगाएगी। वापसी में रेलगाड़ी संख्या 04411 झांसी से छह से आठ नवंबर तक तीन फेरे लगाएगी। इन सेवाओं से त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।
विज्ञापन
बिहार जाने वाले यात्रियों को राहत
लुधियाना से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए भी विशेष रेलगाड़ियां चलाई जाएंगी। रेलगाड़ी संख्या 04656 लुधियाना से सहरसा के लिए छह, नौ और 11 नवंबर को रवाना होगी। यह शाम 5:35 बजे चलकर अगले दिन रात 11:50 बजे सहरसा पहुंचेगी। वापसी में रेलगाड़ी संख्या 04655 सहरसा से आठ, 11 और 13 नवंबर को चलेगी। लुधियाना-दरभंगा विशेष ट्रेन संख्या 04662 सात, 10 और 11 नवंबर को चलेगी। यह सुबह 6:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04661 आठ, 11 और 12 नवंबर को दरभंगा से दोपहर एक बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 5:10 बजे लुधियाना पहुंचेगी। इसके अलावा लुधियाना-गया के बीच ट्रेन संख्या 04664 और 04663 एक-एक फेरा लगाएंगी। लुधियाना-कोलकाता के बीच भी ट्रेन संख्या 04666 और 04665 का संचालन किया जाएगा।
विज्ञापन
जनवरी से बदल जाएंगे दो ट्रेनों के नंबर
रेलवे ने वास्को-द-गामा और हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली दो ट्रेनों के नंबर भी बदलने का फैसला किया है। एक जनवरी 2027 से ट्रेन संख्या 12779 का नया नंबर 17379 और ट्रेन संख्या 12780 का नया नंबर 17380 होगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा की योजना बनाते समय नए नंबरों का ध्यान रखने की अपील की है।
ताज एक्सप्रेस अब हजरत निजामुद्दीन से चलेगी, समय में भी बदलाव
ताज एक्सप्रेस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। उत्तर रेलवे ने रेलगाड़ी संख्या 12280 और 12279 ताज एक्सप्रेस के टर्मिनल स्टेशन और समय में बदलाव किया है। एक नवंबर से यह रेलगाड़ी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बजाय हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से संचालित होगी। इसके साथ ही दोनों रेलगाड़ियों के आगमन और प्रस्थान के समय में भी परिवर्तन किया गया है।
रेलवे के अनुसार, रेलगाड़ी संख्या 12280, जो वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन से नई दिल्ली आती है, अब हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। पहले इसके नई दिल्ली पहुंचने का समय सुबह 6:55 बजे निर्धारित था, जबकि एक नवंबर से यह हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर सुबह 7:05 बजे पहुंचेगी।
इसी तरह, रेलगाड़ी संख्या 12279 ताज एक्सप्रेस का टर्मिनल स्टेशन भी नई दिल्ली के स्थान पर हजरत निजामुद्दीन होगा। पहले यह रेलगाड़ी नई दिल्ली से रात 9:35 बजे रवाना होती थी। अब यह हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से रात 9:25 बजे रवाना होगी।