झूला झूलते हुए मासूम की दर्दनाक मौत, बच्ची के गले में फंसी रस्सी
लाजपत नगर थाना इलाके में शुक्रवार शाम को झूले पर झूलते हुए रस्सी 12 वर्षीय बच्ची के गले में फंस गई। इससे बच्ची को फांसी लग गई। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स में रखवा दिया है। लाजपत नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हालांकि घर का दरवाजा अंदर से बंद था, इसके बावजूद कई कोणों से मामले की जांच की जा रही है।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार 12 वर्षीय विधि दुग्गल पुत्री सुनील दुग्गल सातवीं कक्षा में पढ़ती थी और परिवार के साथ एफ1/152 लाजपत नगर-प्रथम में रहती थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाया
बच्ची के माता-पिता प्राइवेट जॉब करते है। शुक्रवार शाम करीब सवा छह बजे बच्ची घर पर अकेली थी। वह पर्दे की रॉड पर रस्सी लगाकर झूल रही थी।
ऐसा माना जा रहा है कि तेज झूलने के दौरान बच्ची का झूला उलटा हो गया और उसकी गर्दन रस्सी में फंस गई। माता-पिता शाम को जब घर पहुंचे तो इस घटना का पता लगा।
पुलिस अधिकारियों की घर में किसी और के घुसने की बात से इंकार कर रही है। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस अधिकारी इसे दुर्घटनावश हुई घटना बता रहे हैं।