{"_id":"5cf1a4d2bdec22076f5122aa","slug":"the-police-personnel-was-beaten-to-save-the-couple-due-to-supporting-love-marriage","type":"story","status":"publish","title_hn":"प्रेम विवाह करने वाले दंपति को बचाने आए सिपाही को पीटा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
प्रेम विवाह करने वाले दंपति को बचाने आए सिपाही को पीटा
Sat, 01 Jun 2019 03:34 AM IST
राजेश सैनी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गाजियाबाद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गाजियाबाद
Published by: राजेश सैनी
Updated Sat, 01 Jun 2019 03:34 AM IST
सार
-21 मई को युवक-युवती ने कर ली थी कोर्ट मैरिज
-दंपति पर हुआ था हमला, रिपोर्ट दर्ज
विज्ञापन
प्रेम विवाह (फाइल फोटो)
विस्तार
प्रेम विवाह करने वाले पति-पत्नी पर युवती के परिजनों ने रात में हमला कर दिया। हमले की सूचना पर पहुंचे सिपाही को भी आरोपियों ने पीटा। 21 मई को युवक-युवती ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। युवती के परिवार के लोग दूसरे स्थान पर रहने के लिए दबाव बना रहे थे। न जाने पर मारपीट की गई।
विज्ञापन
सिहानीगेट थाना क्षेत्र की पटेल नगर तृतीय निवासी सागर शर्मा ने पटेल नगर द्वितीय निवासी नेहा शर्मा से 21 मई को कोर्ट मैरिज कर ली थी। शादी के बाद से युवती के परिजन उसे पटेल नगर से कहीं और जाकर रहने के लिए दबाव बना रहे थे। युवक वहां से नहीं गया तो उन्होंने 25 मई को युवती के भाई अभिषेक ने 8-9 लोगों के साथ हमला कर दिया।
विज्ञापन
थाने में तहरीर दी गई थी। सागर और नेहा ने मकान शिफ्ट नहीं किया। 30 मई की तड़के करीब तीन बजे नेहा का भाई अभिषेक, मन्नू और उसकी मां रेखा घर पहुंच गए। नेहा, उसके पति सागर और सास निशा के साथ मारपीट शुरू कर दी।
विज्ञापन
इसी दौरान उन्होंने पुलिस को कॉल कर सूचना दी। लैपर्ड का सिपाही कपिल मलिक मौके पर पहुंचा। आरोपियों ने सिपाही पर भी हमला कर दिया और वहां से फरार हो गए। सागर ने मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सिहानीगेट थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि पीड़ित और सिपाही की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
सिपाही ने भी दर्ज कराई रिपोर्ट
सागर की सूचना पर सिपाही तड़के पटेल नगर स्थित उसके घर पहुंच गया। वहां पर तीनों आरोपी मारपीट कर रहे थे। सिपाही ने इसका विरोध किया तो कुछ भी बिना सुने उन्होंने सिपाही के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपी सिपाही को मारपीट कर फरार हो गए। सिपाही कपिल मलिक ने सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट व गाली-गलौज की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लगातार हो रहे पुलिस पर हमले
पुलिस पर पिछले कुछ दिनों से लगातार हमले हो रहे हैं। हमले करने वाले लोगों पर कठोर कार्रवाई नहीं होने के कारण उनके हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में विजयनगर थाना क्षेत्र में पुलिस पर तीन बार हमला हो चुका है। नंदग्राम में पुलिस पर हमला हुआ। डासना में पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर वर्दी फाड़ दी थी। सभासद के घर बिजली बिल का नोटिस देने गए हेड कांस्टेबल की पिटाई कर दी गई थी।