सड़क पर मिली युवती की लाश बनी पुलिस के लिए मुसीबत
पालम विहार में दो दिन पहले सड़क किनारे मिली युवती की अज्ञात लाश की पहचान पुलिस के लिए सिरदर्दी बन गई है। बीते 48 घंटों में गुड़गांव समेत आसपास के एरिया में छानबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस के लिए मिस्ट्री बनी कहानी को देखते हुए पुलिस अब पोस्टमार्टम को ही अंतिम प्रयास मान रही है। जिसमें गुरूवार को शव का पोस्टमार्टम के बाद ही हत्या की असली वजह पता चल सकती है।
मंगलवार दोपहर को पालम विहार के रेजांगला चौक के पास ग्रीन बेल्ट पर बेडशीट पर लिपटी युवती की नग्न हालत में लाश मिली थी। लाश को जिस प्रकार टाई के सहारे कई जगहों से बांधा हुआ था।
कैसे सुलझेगी मिस्ट्री?
उससे पुलिस को भी किसी योजनाबद्ध तरीके से किए गए हत्याकांड की आशंका लगी। मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों के दिशानिर्देश के बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा कर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया था।
हालांकि पुलिस की शुरूआती जांच में जिस प्रकार की आशंकाएं जताई जा रही थी उससे लग रहा था कि जल्द ही पुलिस शव की पहचान कर लेगी। इसलिए शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया था।
लेकिन 48 घंटों में चारों तरफ पुलिस की नाकाबंदी के अलावा 15 से ज्यादा संदिग्ध लोगों से हुई पूछताछ के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकल पाया। कानूनन तय 72 घंटे की समयसीमा को देखते हुए अब पुलिस ने गुरूवार को शव का पोस्टमार्टम कराने का फैसला ले लिया है।
एसीपी क्राइम-एक राजेश कुमार के मुताबिक गुरूवार तो पोस्टमार्टम कराने के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।