..तो इसलिए तोमर ने डीयू से छोड़ दी थी पढ़ाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अरविंद केजरीवाल के पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर की फर्जी डिग्री मामले में दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के राजधानी कॉलेज और नॉर्थ कैंपस स्थित डीयू के रजिस्ट्रार कार्यालय में छापेमारी की।
दिल्ली पुलिस को डीयू से बीए पाठ्यक्रम में दाखिला लेने का रिकॉर्ड मिल गया है। बीए के रिकॉर्ड से पता लगा कि जितेंद्र तोमर ईकोनॉमिक्स का पेपर पास नहीं कर पाए थे, इस कारण उन्होंने डीयू से पढ़ाई छोड़ दी थी।
ऐसे में माना जा रहा है कि बीए नहीं कर पाने के कारण पूर्व कानून मंत्री ने अवध यूनिवर्सिटी की बीएससी की फर्जी डिग्री ली थी। दिल्ली पुलिस एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जितेंद्र तोमर ने डीयू केराजधानी कॉलेज में 1985-88 में बीए पाठ्यक्रम में दाखिला लिया था।
केवल इसलिए छोड़ी पढ़ाई!
उन्होंने 1986 में बीए प्रथम वर्ष, 1987 में बीए द्वितीय वर्ष की परीक्षा दी थी। 1988 में बीए तृतीय वर्ष का फॉर्म भरा था, मगर परीक्षा नहीं दी थी। प्रथम वर्ष में जितेन्द्र तोमर ईकोनॉमिक्स में फेल हो गए थे।
कॉलेज प्रशासन ने उन्हें अगले वर्ष यानी द्वितीय वर्ष में प्रमोट कर दिया था। द्वितीय वर्ष में वह ईकोनॉमिक्स के पेपर में फिर फेल हो गए थे। जितेन्द्र तोमर ने तृृतीय वर्ष में दाखिला लिया था, मगर परीक्षा नहीं दी थी।
पूर्व कानून मंत्री ने पूछताछ में ये माना है कि ईकोनॉमिक्स का पेपर पास नहीं करने के कारण उन्होंने डीयू से पढ़ाई छोड़ दी थी। इससे ये बात भी स्पष्ट होती है कि जितेन्द्र तोमर डीयू से 1986 में राजधानी कॉलेज से बीए कर रहे थे, वहीं, अवध यूनिवर्सिटी के साकेत कॉलेज से बीएससी कर रहे थे।
पुलिस मांग सकती है और 5 दिन की रिमांड
पुलिस को तोमर का एनरोलमेंट रजिस्टर, रोल नंबर का वार्षिक रजिस्टर और दो वर्षों की अंकतालिका मिल गई है। जांच में पुलिस को ये भी पता लगा है कि तोमर ने राजधानी कॉलेज से बीए प्रथम वर्ष में चार लाइब्रेरी कार्ड जारी करवाए थे जो आज तक नहीं लौटाए हैं।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार जितेंद्र तोमर का चार दिन का रिमांड शनिवार को खत्म हो रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तोमर मामले को लेकर अभी तफ्तीश पूरी नहीं हुई है।
ऐसे में शनिवार को तीन से पांच दिन का रिमांड मांगा जाएगा। पुलिस तोमर का रिमांड लेकर उसे दिल्ली यूनिवर्सिटी भी जाएगी।