गुड़गांव पहुंचा तारिषी का शव, आज शाम होगा अंतिम संस्कार
बांग्लादेश की राजधानी ढाका के रेस्त्रां में हुए आतंकी हमले की शिकार हुई भारतीय लड़की तारिषी जैन का शव नई दिल्ली पहुंच गया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल एयरपोर्ट पर फैमिली को रिसीव करने पहुंचे थे।
तारिषी का अंतिम संस्कार आज शाम करीब 5 बजे गुड़गांव में होगा, जहां तारिषी के पिता संजीव जैन का घर है। तारिषी का अंतिम संस्कार सेक्टर 29 के शिवमूर्ति श्मशान घाट पर किया जाएगा। कहा जा रहा है कि अंतिम संस्कार में गुड़गांव के सांसद भी पहुंच सकते हैं।
वहीं तारिषी के माता-पिता चाहते हैं कि इस मामले से मीडिया दूर रहे क्योंकि यह उनके परिवार का निजी मामला है। वो भी नहीं चाहते कि मीडिया कोई तस्वीर ले। गौरतलब है कि ढाका में आतंकी हमले की शिकार हुई तारिषी की मौत पर देशभर में मातम का माहौल है। फिरोजाबाद में भी लोगों ने कैंडिल मार्च निकालकर तारिषी को श्रद्धांजलि दी।
कई मुस्लिम धर्मगुरुओं ने दी पीड़ित परिवार को सांत्वना
कई मुस्लिम धर्मगुरू फिरोजाबाद के सुहाग नगर स्थित उनके आवास पर पहुंचे और उन्होंने पीडित परिवार को सांत्वना दी और इस आतंकी घटना की निंदा करते हुए कहा कि कोई भी धर्म इस तरह कत्ले आम की इजाजत नहीं देता।
बता दें कि ढाका हमले में आतंकियों ने 19 साल की तारिषी जैन की जान ले ली। तारिषी के माता-पिता ढाका में ही रहते हैं और यहीं गारमेंट का बिजनेस करते हैं। तारिषी के पिता ढाका के बारीधारा में रहते हैं।
तारिशी कैलिफोर्निया के बर्कले में पढ़ाई कर रही थी। वो छुट्टियों के दौरान ढाका अपने माता-पिता के पास आई थी। उसने ढाका के अमेरिकन स्कूल से पढ़ाई की थी। आतंकी हमले के दौरान वो रेस्त्रां में खाना खाने गई थी।