गला घोंटकर मारा, फिर चेक की पत्नी की सांसें: सुबह-सुबह बेटी ने पिता की देखी ऐसी हरकत, 16 घंटों में पकड़ा गया
मध्य जिला पुलिस ने वैवाहिक विवाद में 32 वर्षीय पत्नी की गला घोंटकर हत्या के आरोप में चंद्रपाल भाटी (24) को बुलंदशहर से गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि आरोपी को 16 घंटे में पकड़ा है।
विस्तार
मध्य जिला पुलिस ने वैवाहिक विवाद में अपनी 32 वर्षीय पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में बुलंदशहर, वैर यूपी निवासी चंद्रपाल भाटी (24) को गिरफ्तार किया है। मध्य जिला पुलिस ने आरोपी को 16 घंटे में गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस को नाबालिग बेटी के बयान और हालात से जुड़े सबूतों से आरोपी शख्स पर संदेह पैदा हुआ था।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर ने बताया कि सोमवार को हत्या की सूचना मिलने पर एसआई जितेंद्र कुमार की पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बलजीत नगर पहुंची, जहां महिला कमरे के अंदर मृत पड़ी मिली। इस कमरे में पीड़िता पति, दो बेटियों और मां के साथ रहती थी।
उन्होंने बताया कि मृतका की एक बेटी ने बताया कि तड़के करीब 3:45 से 4:00 बजे के बीच उसने अपने पिता को यह जांच करते हुए देखा था कि मां की सांस चल रही हैं या नहीं और इसके बाद वह घर से बाहर चला गया। इस संबंध में आनंद पर्वत थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और आरोपी का पता लगाने के लिए एक टीम गठित की गई।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि टीम को आरोपी के उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में होने का पता चला और वहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वैवाहिक संबंधों में तनाव और अक्सर होने वाले झगड़ों के चलते उसने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। मामले में आगे की जांच जारी है।
इसलिए की थी हत्या
लगातार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और उसकी पत्नी (पीड़िता) अक्सर झगड़ते थे और उनके वैवाहिक संबंध तनावपूर्ण थे। पूछताछ के दौरान, आरोपी ने तनावपूर्ण वैवाहिक संबंधों और लगातार झगड़ों के कारण हुई बहस के बाद उसने अपनी पत्नी का गला घोंटकर हत्या कर दी।