स्कूल जाने वाली लड़कियों ने किया खुलासा, बोलीं- पुलिस और ड्रग्स माफिया मिलकर परोस रहे 'मौत'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा स्वाति मालीवाल ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि स्कूल जाने वाली लड़कियों ने उन्हें पुलिस और ड्रग्स माफिया के गोरखधंधे के बारे में शिकायत की। इस पर महिला आयोग की अध्यक्षा ने पुलिस को नोटिस जारी कर दिया। साथ ही साथ अध्यक्षा ने जहांगीरपुरी और भलस्वा डेयरी के एसएचओ को भी मौके पर बुला लिया।
बता दें स्वाति को उत्तर पश्चिमी दिल्ली क्षेत्र में महिला सुरक्षा पदयात्रा के दौरान के यह खबर इलाके की छात्राओं व महिलाओं ने दी। उनके समक्ष महिलाओं और लड़कियों ने अपने क्षेत्र में अवैध शराब के काले करोबार और ड्रग्स की बिक्री व सेवन का मुद्दा उठाया। उन्होंने पुलिस पर अपराधियों से सांठगांठ करने और इस मामले में कार्यवाही न करने की शिकायत की। कई स्कूल जाने वाली लड़कियों ने आयोग की अध्यक्षा से सीधा संपर्क किया और उनको बताया कि उन्होंने कई बार पुलिस को शराब और ड्रग्स बेचने वालों से पैसे लेते हुए देखा है।
इस पर संज्ञान लेते हुए आयोग की अध्यक्षा ने लोगों के सामने जहांगीरपुरी और भलस्वा डेयरी के एसएचओ को बुलाया। जहांगीरपुरी में महिलाएं पार्क में इकट्ठा हुईं और क्षेत्र की हर गली में अवैध शराब और ड्रग्स की बिक्री पर अपना गुस्सा जाहिर किया। महिलाओं ने बताया कि इस बारे में पुलिस से कई बार शिकायत की है लेकिन कोई कार्यवाही नहीं होती।
लड़कियों ने बताया कि उन्होंने कई बार अवैध शराब और ड्रग्स बेंचने वालों को पुलिस को पैसे देते हुए देखा है। लोगों ने बताया कि एक साल पहले दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा ने जिस पति-पत्नी को अवैध शराब बेंचते हुए पकड़वाया था, वे अब फिर से शराब बेंच रहे हैं।
इस पर आयोग की अध्यक्षा ने तुरंत जहांगीरपुरी थाने के एसएचओ को मौके पर बुलाया और उनको 10 दिन के अंदर अपराधियों को पकड़ने और क्षेत्र को अपराधियों से साफ करने के लिए कहा।उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस इतनी असहाय है तो उनको अपनी वर्दी उतार देनी चाहिए और स्थानीय महिलाओं को अपराधियों के खिलाफ कदम उठाने देना चाहिए। इस बीच स्वाति ने 10 दिन के भीतर पुलिस को कार्रवाई करने को कहा है। स्वाति ने कहा यदि ऐसा नहीं हुआ तो वह खुद ही हर घर की तलाशी लेंगी।
इसके अलावा बातचीत के दौरान उन्होंने कई महिलाओं ने घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने वहां उपस्थित महिलाओं से घरेलू हिंसा की पीड़िता के पति के खिलाफ इकट्ठा होने और मामलों को आयोग के समक्ष लाने को कहा। उन्होंने महिलाओं से कहा कि वे चुप होकर पति का अत्याचार न सहें, जरूरत पड़ने पर पलटकर वार करने से न हिचकें। उन्होंने कहा अगर महिलाएं अपने लिए लड़ेंगी तो आयोग को भी उनकी सहायता करने में मदद मिलेगी। भलस्वा डेयरी में स्कूली छात्राओं ने जब स्वाति को अपनी परेशानियां गिनवाई तो वे हैरान रह गई। छात्राओं ने बताया कि स्कूल के रास्ते मे खड़े होने वाले लड़के उनके साथ छेड़खानी करते हैं और अश्लील टिप्पणियां करते हैं। कई लड़कियों ने बताया कि इस वजह से उन्होंने स्कूल जाना तक बंद कर दिया है। लड़कियों ने बताया कि उन्हें जंगल जैसे रास्ते से स्कूल जाना पड़ता है। इस बीच रास्ते मे कई लड़के उन्हें ड्रग्स लेते हुए और नंगे बदन खड़े दिखते हैं।
इस पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा ने मीटिंग में उपस्थित पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में पुलिस पिकेट बढ़ाने को कहा। उन्होंने पुलिस को जल्द से जल्द महिलाओं की शिकायतें दूर करने को कहा, उन्होंने कहा वह स्वयं ही कुछ दिन बाद आकर देखेंगी की महिलाओं की शिकायतों पर क्या कार्यवाही की गई।आयोग की अध्यक्षा ने इस मामले में 72 घंटे के अंदर जवाब देने को कहा है। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा स्वाति मालीवाल ने कहा, "महिलाओं और खासकर स्कूल जाने वाली लड़कियों का दिल्ली पुलिस के प्रति गुस्सा देखकर दिल दुखता है। बिना पुलिस की मिलीभगत के इन क्षेत्रों में इतने बड़े स्तर पर आपराधिक गतिविधियां कैसे हो सकती हैं? मैं पुलिस आयुक्त से अपील करती हूं कि वह ऐसे अफसरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें और लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास स्थापित करें।"
वहीं दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा स्वाति मालीवाल ने जब सूरज पार्क, रोहिणी में महिलाओं से बातचीत की तो उन्होंने बताया इलाके में अवैध शराब की बिक्री खुलेआम हो रही है। सिर्फ इतना ही महिलाएं स्वाति को लेकर उन गलियों में गईं जहां घरों में अवैध शराब बेंची जा रही थी। आयोग की अध्यक्षा ने एक घर में एक महिला को काफी मात्रा में अवैध शराब के साथ पकड़ा। इस पर स्वाति ने तुरंत पुलिस को बुलाया और महिला को पुलिस के हवाले कर दिया। आयोग की अध्यक्षा ने पुलिस को शराब जब्त करने और एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। वहीं लगभग 5-6 घर दूर इस तरह की बोतलें एक ताले लगे हुए घर के बाहर बाल्टी में मिलीं। लोगों ने बताया कि आयोग की अध्यक्षा द्वारा तलाशी की बात सुनकर घर का मालिक ताला लगाकर भाग गया।