{"_id":"63c81a219bae4f1f2a016f2e","slug":"students-will-protest-against-the-ban-on-non-vegetarian-food-in-hansraj-college-2023-01-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi: हंसराज कॉलेज में मांसाहारी भोजन बंद करने के मामले ने पकड़ा तूल, विरोध में छात्र करेंगे प्रदर्शन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi: हंसराज कॉलेज में मांसाहारी भोजन बंद करने के मामले ने पकड़ा तूल, विरोध में छात्र करेंगे प्रदर्शन
Wed, 18 Jan 2023 09:41 PM IST
विजय पुंडीर
अमर उजाला नेटवर्क,नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क,नई दिल्ली
Published by: विजय पुंडीर
Updated Wed, 18 Jan 2023 09:41 PM IST
सार
छात्रावास में रहने वाले एक छात्र ने कहा कि मांसाहारी भोजन बंद करने को लेकर किसी आदेश के बारे में नहीं बताया गया है। यह अनुचित है क्योंकि हम परिवार से दूर हैं और हमें पौष्टिक भोजन की जरूरत होती है। समस्या का समाधान होना ही चाहिए।
विज्ञापन
हंसराज कॉलेज, दिल्ली
- फोटो : ANI
विस्तार
दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज के छात्रावास में मांसाहारी भोजन बंद करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। कॉलेज के इस फैसले के विरोध में छात्र संगठन स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने 20 जनवरी को प्रदर्शन करने का फैसला किया है। एसएफआई की हंसराज कॉलेज इकाई ने एक बयान में कहा है कि मांसाहारी भोजन पर प्रतिबंध के खिलाफ कॉलेज परिसर के अंदर विरोध हो रहा है। अब हंसराज छात्रावास के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा।
विज्ञापन
कॉलेज के छात्रों के अनुसार, कोरोना महामारी के बाद जब वर्ष 2022 फरवरी में कॉलेज फिर से खुले तो कॉलेज ने अपनी कैंटीन और छात्रावास में मांसाहारी भोजन देना बंद कर दिया था। एसएफआई का कहना है कि ऐसे मामले भी आए जब कॉलेज प्रशासन ने छात्रावास में अंडा ले जाने वाले छात्रों से अंडे भी जब्त किए।
विज्ञापन
संगठन ने कॉलेज के अंदर एक सर्वे भी किया जिसमें करीब 75 फीसदी छात्र मांसाहारी मिले। जबकि कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रमा ने दावा किया था कि कॉलेज के 90 फीसदी छात्र शाकाहारी हैं। छात्रावास में रहने वाले एक छात्र ने कहा कि मांसाहारी भोजन बंद करने को लेकर किसी आदेश के बारे में नहीं बताया गया है। यह अनुचित है क्योंकि हम परिवार से दूर हैं और हमें पौष्टिक भोजन की जरूरत होती है। समस्या का समाधान होना ही चाहिए।
विज्ञापन