महिला से छात्र बनाना चाहता था संबंध, कत्ल कर काटी कलाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिसरख के चिपियाना गांव में बुधवार को एकतरफा प्यार में पॉलिटेक्निक के छात्र ने महिला की गला रेत कर हत्या कर दी। घटना के बाद आत्महत्या के इरादे से छात्र ने कलाई भी काट ली। महिला को गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, छात्र को चिपियाना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिसरख पुलिस ने महिला के पति की शिकायत पर छात्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद स्थित समरकूल कंपनी में काम करने वाले राजकुमार (42) के परिवार में एक बच्चा और पत्नी बबीता (40) थी।
पास में रहने वाले परविंदर (24) का उनके घर में आना-जाना था। वह गाजियाबाद से पॉलिटेक्निक कोर्स कर रहा है। बुधवार सुबह 9:30 बजे राजकुमार नौकरी के लिए कंपनी चला गया। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे परविंदर उनके घर आया। आरोप है कि उसने बबीता से संबंध बनाने की कोशिश की।
लोग जब पहुंचे तो दोनों घर में लहूलुहान पड़े थे
विरोध करने से नाराज परविंदर ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। इसके बाद खुदकुशी के इरादे से उसने दाहिने हाथ पर दो-तीन जगह नस काट ली। चीख सुनकर आसपास के लोग जब पहुंचे तो दोनों घर में लहूलुहान पड़े थे।
महिला को गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, परविंदर को बिसरख के नीलम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। उसे आईसीयू में रखा गया है।
पुलिस के मुताबिक चिपियाना गांव में महिला की गला रेत कर हत्या करने का मामला सामने आया है। मामले की तहरीर महिला के पति ने पुलिस को दी। इसमें एकतरफा प्यार में परमिंदर पर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। पति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।