अगरबत्ती की आड़ हो रही थी चंदन तस्करी, ऐसे हुआ पर्दाफाश
अपराध शाखा की एसटीएफ ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में 8.20 करोड़ कीमत की 8580 किलो लाल चंदन के साथ चार तस्करों चुरु राजस्थान निवासी कृष्ण (27), भिवानी हरियाणा निवासी रविंदर (24) और गीता कॉलोनी दिल्ली निवासी नीरज सहगल (38), निखिल वेलसन को दबोचा है। आरोपी दिल्ली-एनसीआर के साथ उत्तर भारत और विदेश तक चंदन की तस्करी करते थे।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त डॉ. जी रामगोपाल नायक ने बताया कि एएसआई वीर सिंह को मिली सूचना के आधार पर रिंग रोड के आश्रम चौक पर रात करीब नौ बजे एक कंटेनरनुमा ट्रक को चेकिंग के लिए रोका गया। जांच में भारी मात्रा में सुगंधित लकड़ी मिली।
वाइल्ड लाइफ इंस्पेक्टर ने इसके चंदन होने की पुष्टि की। पुलिस ने ट्रक चालक कृष्ण, मालिक रविंदर और तस्कर नीरज सहगल को गिरफ्तार कर लिया। इनसे पूछताछ के बाद हिरासत में लिए गए निखिल से पूछताछ के बाद भारी मात्रा में और लकड़ी बरामद हुई। ये बरामद लकड़ी बंगलूरू से लाए थे।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि करीब एक साल से रविंदर ट्रक से चंदन की लकड़ी तस्करी कर दिल्ली-एनसीआर में लाता था। इन्होंने तस्करी के लिए अगरबत्ती का लाइसेंस ले रखा था। माल लाते समय अगरबत्ती के पेपर रहते थे औ ट्रक में चंदन होता था।
नीरज इंटीरियर डेकोरटर है। कुछ समय पूर्व उसके कजिन दीपक वर्मा ने उसे तस्करी में धकेला था। वह चंदन की तस्करी में ही जेल में बंद है। दीपक के कहने पर नीरज ने ग्रेटर नोएडा में लकड़ी के लिए गोदाम का इंतजाम किया था।