रफ्तार का कहरः 3 दुर्घटनाओं में 5 लोगों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में मंगलवार रात अलग-अलग सड़क हादसों दो किशोर समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। नंद नगरी में ट्रक ने पिता-पुत्र को कुचल दिया। वहीं चाणक्यपुरी में ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया।
हादसे में दो की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ख्याला इलाके में टाटा-407 टेंपो ने 11 साल के मासूम को कुचल दिया। चाणक्यपुरी और ख्याला मामले में पुलिस ने ट्रकों को कब्जे में लेकर चालकों को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं नंद नगरी मामले में प्रत्यक्षदर्शी से मिले नंबर के आधार पर पुलिस ट्रक और चालक की तलाश कर रही है।
पिता और बेटे दोनों की हो गई मौत
नंद नगरी इलाके में ट्रक ने मो. असलम (45) और उसके बेटे मो. कासिम (14) को कुचल दिया। हादसे में कासिम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि असलम ने जीटीबी अस्पताल मेें इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। असलम परिवार के साथ तुलसी निकेतन, भोपरा, गाजियाबाद में रहता था। उसके परिवार में पत्नी शबनम, दो बेटी और चार बेटे थे।
असलम का साप्ताहिक बाजारों में लाइट किराए पर देने का काम था। मंगलवार रात करीब 11:30 बजे वह दिलशाद गार्डन इलाके से अपने बेटे कासिम के साथ जुगाड़ वाले रिक्शे (रिक्शा जिसमें स्कूटर का इंजन फिट कर लिया जाता है) पर आ रहा था। पीछे बाइक पर असलम का 16 साल का बेटा साहिल आ रहा था।
इस बीच गगन सिनेमा के पास पीछे से आए ट्रक ने उसको टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने ट्रक का नंबर नोट कर पुलिस को दिया है। उसके आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
तीन दोस्तों में दो दोस्तों की हुई मौत
चाणक्यपुरी इलाके में मंगलवार देर रात 2:20 बजे धौलाकुआं से करोलबाग जाने पर रोड पर कंटेनरनुमा बंद ट्रक ने बुद्धा गार्डन के सामने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में चेतन शर्मा (22) और अक्षय शर्मा (23) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल पवन शर्मा (25) को गंभीर हालत में आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने हादसे के बाद ट्रक चालक संजय शर्मा (25) को गिरफ्तार कर ट्रक कब्जे में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक तीनों ही युवक पांडव रोड, विश्वास नगर में रहते थे और प्राइवेट नौकरी करते थे।
देर रात को एक ही बाइक पर बगैर हेलमेट के तीनों युवक धौलाकुआं से करोलबाग की ओर जा रहे थे। इस बीच वह हादसे का शिकार हो गए। पुलिस के मुताबिक चंद दिनों पूर्व चेतन की शादी हुई थी। पुलिस परिजनाें से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पांचवीं क्लास के छात्र को टेंपो ने कुचला
ख्याला इलाके के रणबीर नगर में टाटा-407 टेंपो ने सड़क पर खेल रहे राजू (11) को कुचल दिया। राजू की मौके पर ही मौत हो गई। वह परिवार के साथ रणबीर नगर जेजे कालोनी में रहता था। वह पांचवीं कक्षा का छात्र था।
उसके परिवार में पिता सोनू, मां और भाई व बहन है। हादसे के बाद लोगों ने टेंपो चालक यशपाल को मौके पर पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने टेंपो कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।