सोनी आत्महत्या : दोषियों को सजा दिलाने के लिए खटखटाया केंद्रीय गृहमंत्री का दरवाजा
दिल्ली प्रदेश भाजपा के नेता आम आदमी पार्टी को उसकी कार्यकर्ता सोनी मिश्रा के आत्महत्या के मामले में राहत देने के लिए कतई तैयार नहीं है। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने शुक्रवार ने सोनी आत्महत्या मामले में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह का दरवाजा खटखटाया।
वह अपने साथ सोनी के परिजनों को भी लेकर गए थे।इस मौके पर विजेंद्र गुप्ता ने राजनाथ सिंह को सोनी के परिवार की वेदना व चिंताओं से अवगत कराया। इसके अलावा उन्होंने उनकी दुखद आत्महत्या के सभी पहलुओं की गहनता और व्यापकता के साथ जांच में तेजी लाने की मांग की।
विजेंद्र गुप्ता के अनुसार केन्द्रीय गृहमंत्री ने सोनी के आत्महत्या करने की घटना को गंभीर मामला बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे सोनी और उसके परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाने की कोशिश करेंगे।
'आम आदमी पार्टी में होता है महिलाओं को शोषण'
विजेंद्र गुप्ता ने गृहमंत्री से कहा कि जिन परिस्थितियों में सोनी को आत्महत्या के लिए मजबूर होना पड़ा, उसकी गहराई से जांच होनी चाहिए और जो लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
उन्होंने गृहमंत्री को बताया कि आम आदमी पार्टी में महिला कार्यकर्ताओं का शोषण हो रहा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल और आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रभारी दलीप पांडे ने सोनी की शिकायत पर कार्रवाई नहीं की।
इस कारण उन्हें भयानक कदम उठाना पड़ा और आप के ये सभी नेता सोनी की आत्महत्या के लिए दोषी हैं।विजेंद्र गुप्ता के अनुसार सोनी के पति अशोक मिश्रा ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री ने अभी तक उन्हें या उनकी बेटियों को औपचारिकतावश केवल आश्वासन दिया है। मगर इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।