आईसीएससी बोर्ड परीक्षा परिणाम में बेटियों ने मारी बाजी, सोनिया 93.6% अंकों के साथ बनी टॉपर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एक्जामिनेशन (आईसीएससी) ने मंगलवार को 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। आईसीएससी बोर्ड से जिले में एकमात्र जीवा पब्लिक स्कूल है। परीक्षा परिणाम बेटियों के नाम रहा। 12वीं कक्षा में विज्ञान संकाय (मेडिकल) की छात्रा सोनिया यादव ने 93.6 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया है। ह्यूमेनिटीज को छोड़कर 12वीं व 10वीं के सभी संकाय में भी बेटियों ने ही बाजी मारी। स्कूल से 10वीं कक्षा में 80 और 12वीं कक्षा में 56 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। स्कूल का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है।
स्कूल की उपाध्यक्ष चंद्रलता चौहान ने बताया कि 12वीं मेडिकल में सोनिया यादव ने 93.6 प्रतिशत अंक, नॉन मेडिकल में आकांक्षा पांडे ने 92 प्रतिशत अंक, वाणिज्य संकाय में श्रुति ने 83 और गर्वित फागना ने ह्यूमेनिटीज में 83 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया है। इसी तरह 10वीं कक्षा में विज्ञान संकाय में अभिलाषा नियोगी ने 96.3 प्रतिशत और वाणिज्य में धनिष्ठा वर्मा ने 94 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया है। चंद्रलता चौहान के अनुसार 10वीं व 12वीं के कुल 136 बच्चों ने परीक्षा दी थी। इनमें 12वीं विज्ञान संकाय से 26, वाणिज्य संकाय से 20 और कला संकाय में 10 छात्र थे। इसी तरह 10वीं विज्ञान संकाय में 51 और वाणिज्य संकाय के 29 छात्रों ने परीक्षा दी थी। सभी ने अच्छे अंकों के साथ परीक्षा पास की है।
स्कूल का शानदार परीक्षा परिणाम आने पर अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने सभी विद्यार्थियों और अध्यापकों को बधाई दी। इस मौके पर स्कूल की प्रधानाचार्य देविना निगम और प्रशासनिक अधिकारी मुक्ता सचदेव भी मौजूद थी। सभी विद्यार्थियों का मुंह मीठा करवाया। स्कूल की उपाध्यक्ष चंद्रलता चौहान ने कहा कि विद्यार्थियों के अच्छे परिणाम के लिए अध्यापकों के साथ अभिभावक भी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने भी बच्चों की सफलता के लिए काफी मेहनत की है।
खुद से की तैयारी, डॉक्टर बनना चाहती हैं सोनिया
इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (आईसीएससी) बोर्ड ने मंगलवार को 10वीं और 12वीं परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ। सेक्टर-21 स्थित जीवा स्कूल की 12वीं कक्षा की छात्रा सोनिया यादव ने टॉप किया है। मेडिकल संकाय की छात्रा सोनिया ने 93.6 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। वह डॉक्टर बनना चाहती हैं और उसके लिए नीट की परीक्षा दी है। सोनिया ने परीक्षा के दौरान किसी तरह की कोचिंग नहीं ली और सोशल मीडिया से पूरी तरह दूर रही।
सोनिया ने फिजिक्स में 97, बायो और फिजिकल एजुकेशन में 95, अंग्रेजी में 94 और केमिस्ट्री में 87 अंक हासिल किए हैं। सेक्टर-21सी निवासी सोनिया यादव के पिता सत्यनारायण यादव बैंकर हैं और मां पिंकी गृहणी हैं। दोनों बेटी की इस उपलब्धि पर काफी खुश हैं। पिता सत्यनारायण का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि बेटी अच्छे अंक लेकर आएगी। सोनिया की इस उपलब्धि से स्कूल की प्रधानाचार्या देविना निगम भी काफी प्रफुल्लित नजर आईं।
मोबाइल और सोशल मीडिया से रहती थीं दूर
सोनिया ने बताया वह नियमित रूप से पढ़ाई करने के साथ मोबाइल, सोशल मीडिया और टीवी से दूर रहीं। टीवी में थोड़ी देर समाचार या कॉमेडी शो देखती थीं। सोनिया के पिता सत्यनारायण यादव ने बताया कि वह डॉक्टर बनना चाहती हैं और उसके लिए उसने हाल ही में हुई नीट की परीक्षा दी है। उसके लिए भी उसने कोई विशेष कोचिंग आदि नहीं ली और खुद तैयारी की है। सत्यनारायण यादव ने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि वह नीट की परीक्षा में भी अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण कर किसी अच्छे कॉलेज में एमबीबीएस के लिए दाखिला लेंगी।