मल्टी नेशनल कंपनी का इंजीनियर लापता
प्रतिष्ठित मल्टी नेशनल कंपनी आईबीएम में काम करने वाला एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर बुधवार को गुड़गांव से संदिग्ध हालत में लापता हो गया है।
हालांकि इंजीनियर के परिजनों ने उसके अपहरण को लेकर इनकार किया है लेकिन उनका कहना है कि कंपनी के काम के सिलसिले में पिछले कई दिनों से वह काफी परेशान था। इस मामले में परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मूलरूप से होशियारपुर का रहने वाला गुरप्रीत सिंह (33) आईबीएम कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर लगा हुआ था। कंपनी की तरफ से गुरप्रीत को डीएलएफ फेज पांच स्थित पिनाइकल इस्टेट में फ्लैट मिला हुआ था। यहीं से वह कंपनी का काम करता था।
एक लाख रुपए देख चौंक गई पत्नी
परिजनों के अनुसार बुधवार रात को उसने अपनी पत्नी के अकाउंट में एक लाख रुपये ट्रांसफर कराए थे। अगले दिन अकाउंट में इतनी बड़ी रकम को देख जब उसने गुरप्रीत को फोन कर कारण जानने की कोशिश की तो उसका मोबाइल बंद मिला।
इसके बाद उसके परिजनों ने सोसायटी में आकर जांच पड़ताल की तो सुबह साढ़े दस बजे सोसायटी गेट से निकलने के सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं। परिजनों का कहना है कि कंपनी के वर्कलोड को लेकर वह पिछले काफी दिनों से मानसिक रूप से परेशान था।
शिकायत के बाद सुशांतलोक थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई विजय कुमार के मुताबिक युवक के फोन की अंतिम लोकेशन दिल्ली के महिपालपुर की आई है। युवक का रंग गोरा और उसने पगड़ी पहन रखी है।