ईद से पहले मुनीर से मिलने के लिए बहन ने लगाई अर्जी, थर्ड डिग्री इस्तेमाल का आरोप
एनआईए अधिकारी तंजील अहमद की हत्या में गिरफ्तार व कमला नगर एटीएम लूट कांड के आरोपी मुनीर की बहन ने ईद से ठीक एक दिन पहले भाई से मिलने की अनुमति के लिए कोर्ट में अर्जी दायर की है।
तीस हजारी स्थित ड्यूटी महानगर दंडाधिकारी अभिलाष मल्होत्रा के समक्ष मुनीर की बहन मिदाह मेहताब की ओर से अधिवक्ता रीतेश बाहरी ने बुधवार को अर्जी दायर की है।
इस अर्जी में मिदाह मेहताब ने कहा कि उसके भाई को पुलिस ने किसी अज्ञात स्थान पर रखा है। पुलिस उसे व परिजनों को मुनीर से मिलने नहीं दे रही है। पुलिस उस पर थर्ड डिग्री का इस्तेमाल कर रही है।
भाई से रोजाना मिलने की मांगी अनुमति
कोर्ट में पेश अर्जी में कहा गया है कि दिल्ली पुलिस ने उसके भाई को लूटपाट के मामले में गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस ने एनआईए के साथ मिलकर उसे फंसाया है क्योंकि उसे एनआईए के डीएसपी तंजील अहमद की हत्या के मामले में आरोपी बनाया गया है।
अर्जी में यह भी कहा गया है कि पुलिस को मुनीर पर थर्ड डिग्री इस्तेमाल न करने और उसकी बहन को रोजाना थाने में मिलने की अनुमति दी जाए। अदालत ने इस मामले में रूप नगर थाना पुलिस को स्टेटस रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।
दिल्ली पुलिस ने मुनीर को कमला नगर में डेढ़ करोड़ की एटीएम लूट के सिलसिले में गिरफ्तार कर दस दिन के रिमांड पर ले रखा है।
परिजनों का दावा सारे मामले झूठे
यूपी के बिजनौर में एनआईए डीएसपी तंजील अहमद की हत्या के सिलसिले में यूपी पुलिस की एसटीएफ ने मुनीर को कुछ दिन पहले ही गिरफ्तार किया था।
इसके बाद दिल्ली पुलिस ने अलीगढ़ जेल से आशुतोष नाम के अपराधी को हिरासत में लिया था। उसने पूछताछ में पुलिस को बताया कि कमला नगर स्थित एटीएम से डेढ़ करोड़ की लूट में मुनीर उसके साथ था।
परिजनों ने दावा किया है कि यह सारे मामले में झूठे हैं और पुलिस अपने अधिकारी का मौत का बदला लेने के लिए उसे फंसा रही है।